अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में आस्था और लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुद को सूफी सैयद बाबा बताकर लोगों की बीमारी दूर करने और निसंतान दंपतियों को संतान दिलाने का दावा करने वाले फर्जी बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी नौशाद अली के रूप में हुई है। उस पर 50 से अधिक लोगों को झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है।
‘रूह बाबा शिफा’ के नाम से बनाया ठिकाना
जानकारी के मुताबिक, नौशाद अली करीब 9 महीने पहले अंबिकापुर पहुंचा था। यहां उसने खुद को सूफी सैयद बाबा बताकर अपने ठिकाने का नाम ‘रूह बाबा शिफा’ रखा। आरोप है कि वह लोगों को जादू-टोने और रूहानी ताकतों का डर दिखाकर उनकी समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाता था। खासकर बीमारी से परेशान लोगों और निसंतान दंपतियों को निशाना बनाकर उनसे मोटी रकम वसूलता था।

बच्चे का इलाज कराने के नाम पर लिए साढ़े 4 लाख
इस मामले में सबसे गंभीर आरोप एक बच्चे के इलाज से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बच्चे की तबीयत ठीक करने का भरोसा देकर उसके पिता से साढ़े 4 लाख रुपये लिए थे। हालांकि, करीब दो महीने बाद बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद जब परिजनों ने आरोपी से पैसे और इलाज को लेकर जवाब मांगा, तो उन्हें कथित तौर पर रूहानी ताकतों के जरिए सब कुछ खत्म कर देने की धमकी दी गई।
75 हजार से 9 लाख रुपये तक वसूली का आरोप
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी ने अलग-अलग लोगों से 75 हजार, 4 लाख और 9 लाख रुपये तक वसूले हैं। अब तक 50 से ज्यादा लोगों को ठगी का शिकार बनाए जाने की बात सामने आई है। 24 नवंबर की रात बड़ी संख्या में पीड़ित और उनके परिजन थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने BNS की धारा 318(4) में दर्ज किया केस
शिकायतों के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी नौशाद अली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। सरगुजा एएसपी राजेश देवांगन के मुताबिक, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ ठगी के शिकार लोगों की संख्या और बढ़ सकती है।
वहीं, आरोपी नौशाद अली ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को झूठा बताया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और शिकायतों की जांच कर रही है।