कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। प्रेमिका को दूसरे युवक के साथ देखकर नाराज हुए 51 वर्षीय प्रेमी ने उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपा दिया। दो दिनों तक महिला के लापता रहने के बाद ग्रामीणों को संदेह हुआ। वहीं, आरोपी ने अपने बेटे के सामने हत्या की बात कबूल करने के बाद खेत में जाकर जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मामला कोरबा और जांजगीर-चांपा जिले की सीमा से लगे पंतोरा चौकी क्षेत्र के अंगारखार गांव का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान शिवचरण यादव (51 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवचरण ने अपनी प्रेमिका धनेश्वरी बाई को किसी दूसरे युवक के साथ देख लिया था। इसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर शिवचरण ने धनेश्वरी की हत्या कर दी और शव को नल के पास झाड़ियों में छिपा दिया।

दो दिन तक गांव से लापता रही महिला
घटना के बाद धनेश्वरी बाई लगातार दो दिनों तक गांव में दिखाई नहीं दी। इससे ग्रामीणों को संदेह हुआ और मामले को लेकर गांव में बैठक बुलाई गई। बैठक में संदेह के आधार पर शिवचरण यादव को भी बुलाया गया, लेकिन उसने हत्या में शामिल होने से इनकार कर दिया।
बेटे के सामने कबूला हत्या का जुर्म, फिर खाया जहर
ग्रामीणों के सामने खुद को निर्दोष बताने के बाद शिवचरण घर पहुंचा। यहां उसने अपने बेटे दुर्गेश के सामने प्रेमिका की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। बेटे ने पिता को पुलिस के पास जाकर आत्मसमर्पण करने और पूरी घटना बताने की सलाह दी। इसके बाद शिवचरण खेत में चला गया और वहां जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
बेहोशी की हालत में मिलने पर परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल कोरबा लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से जहर सेवन की सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शिवचरण ने एक महिला की हत्या करने की बात कबूल की है।
झाड़ियों से बरामद हुआ महिला का शव
आरोपी के परिजनों से मिली जानकारी और पूछताछ के आधार पर पंतोरा चौकी पुलिस ने बुधवार सुबह झाड़ियों में तलाश की। इस दौरान धनेश्वरी बाई का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि जिला अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से शिवचरण यादव (51), निवासी पंतोरा के जहर सेवन की सूचना मिली थी। परिजनों ने जानकारी दी कि उसने एक महिला की हत्या करने की बात स्वीकार की है और इसी के बाद जहर का सेवन किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी की हालत में सुधार के बाद उससे पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।