दुर्ग में 29 नवंबर से भागवत कथा सुनाएंगे पंडित युवराज पांडेय, मंत्री गजेन्द्र यादव ने तैयारियों का लिया जायजा

दुर्ग। दुर्ग शहर के बैगापारा मिनी स्टेडियम में 29 नवंबर से 5 दिसंबर तक श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। पंडित युवराज पाण्डेय के श्रीमुख से होने वाली इस कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कैबिनेट मंत्री एवं दुर्ग विधायक गजेन्द्र यादव कथा स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने शीतला सेवा समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

मंत्री गजेन्द्र यादव ने आयोजन स्थल पर पंडाल निर्माण, धार्मिक झांकियों, प्रसाद वितरण, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए समिति के सदस्यों के साथ चर्चा की और अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपने पर जोर दिया।

इस दौरान मंत्री यादव ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और जीवन मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में भक्ति, सद्भाव, सेवा और सकारात्मकता का वातावरण बनता है। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनके उपदेशों को सुनने तथा जीवन में आत्मसात करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने आयोजन समिति और श्रद्धालुओं से आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने की अपील की, ताकि कथा में शामिल होने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

बाजे-गाजे और झांकियों के साथ निकलेगी भव्य कलश यात्रा

श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ के अवसर पर 29 नवंबर को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा में शामिल होने के लिए महिलाएं उत्साहपूर्वक पंजीयन करा रही हैं। बाजे-गाजे और आकर्षक धार्मिक झांकियों के साथ निकलने वाली इस यात्रा में कथा वाचक पंडित युवराज पाण्डेय भी उपस्थित रहेंगे।

Exit mobile version