CG में 126 पशुओं को बंधक बनाने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार, शासकीय जमीन से हटा अतिक्रमण; पंचायत सचिव निलंबित

CG

रायपुर/बेमेतरा। बेमेतरा जिले की दाढ़ी तहसील के ग्राम हेमाबंद में आवारा और घुमंतू पशुओं को गैर-कानूनी तरीके से बंधक बनाकर रखने और क्रूरता के मामले में जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी दिलीप राय (55) और उसके बेटे संजय राय (35) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इसके अलावा, शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया है और लापरवाही बरतने पर ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया है।

गंभीर धाराओं में FIR दर्ज, आरोपी पिता-पुत्र जेल भेजे गए

प्रशासन को हेमाबंद में पशुओं को बंधक बनाने की शिकायत मिली थी, जिस पर तत्काल पशु चिकित्सकों की टीम भेजकर जांच कराई गई। मामले में पशु क्रूरता की पुष्टि होने पर दाढ़ी थाना पुलिस ने दिलीप राय और संजय राय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325, 299, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क), 11(1)(ज) और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 व 10 के तहत एफआईआर दर्ज की है।

कार्रवाई के मुख्य बिंदु:

  • अतिक्रमण पर चला बुलडोजर: आरोपी द्वारा कब्जा की गई शासकीय भूमि से अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
  • ट्रैक्टर राजसात की प्रक्रिया: अपराध में इस्तेमाल किए गए आरोपी के ट्रैक्टर को जब्त कर उसे राजसात (जब्त) करने की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
  • 126 मवेशी रेस्क्यू: मौके पर मिले 126 पशुओं का डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद उन्हें जिले की विभिन्न गौशालाओं में सुरक्षित भेज दिया गया है। मवेशियों के इलाज और देखभाल के लिए पशु चिकित्सकों की टीम तैनात की गई है।
  • मृत मवेशियों की जांच: गांव की सरहद पर कुछ मृत मवेशी भी मिले हैं। उनकी मौत के कारणों का पता लगाने के लिए 3 पशु डॉक्टरों की विशेष टीम गठित की गई है।
  • पंचायत सचिव गाज: मामले में प्रशासनिक लापरवाही बरतने के आरोप में ग्राम पंचायत हेमाबंद के सचिव प्रकाश कोशले को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जिला प्रशासन ने सख्त लहजे में कहा है कि मवेशियों के प्रति क्रूरता, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और कर्तव्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Exit mobile version