बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर राजस्व अनुभाग में प्रशासन ने पांच पटवारियों को निलंबित कर दिया है। पटवारी संघ की हड़ताल के बीच राजस्व विभाग की इस कार्रवाई से प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार, निलंबित किए गए पटवारियों में गौतम पटेल, पन्नेलाल सोनवानी, कपिल देव भगत, धीरेंद्र उरमलिया और शैलेश मेहता शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि संबंधित पटवारियों को एसडीएम कार्यालय की ओर से कई बार नोटिस जारी कर ड्यूटी पर वापस लौटने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद पटवारियों ने न तो नोटिस का जवाब दिया और न ही अपने कार्यस्थल पर उपस्थिति दर्ज कराई। इसके बाद एसडीएम (राजस्व), वाड्रफनगर द्वारा निलंबन आदेश जारी किया गया।
गौरतलब है कि पटवारी संघ अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है। हड़ताल के चलते क्षेत्र में राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विशेष रूप से गिरदावरी का काम प्रभावित होने से प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी हो गई है।