दुर्ग। दीपावली के त्योहार से पहले मिठाई दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए खाद्य विभाग की जांच लगातार जारी है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने स्मृति नगर स्थित जायका मिठाई और पुलगांव चौक स्थित बालाजी प्रतिष्ठान में जांच की। इस दौरान दोनों दुकानों से मिठाइयों के सैंपल लिए गए, वहीं कुल 115 किलो मिठाई नष्ट कराई गई।
खाद्य विभाग की टीम ने बालाजी स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट में जांच के दौरान करीब 100 किलो पुराना कुंदा नष्ट कराया। यहां से कुंदा और कलाकंद दाना के सैंपल भी लिए गए। अधिकारियों के मुताबिक, कुंदा पुराना होने और खराब होने की आशंका के चलते एहतियातन उसे बिक्री से हटवाया गया।
वहीं, स्मृति नगर स्थित जायका मिठाई में जांच के दौरान 15 किलो गुलाब जामुन नष्ट कराया गया। यहां से भी मिठाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। इस तरह दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 115 किलो मिठाई नष्ट कराई गई।

नियमित जांच अभियान के तहत हुई कार्रवाई
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी शिकायत के आधार पर नहीं, बल्कि दीपावली को देखते हुए चलाए जा रहे नियमित जांच अभियान का हिस्सा है। जांच के दौरान बालाजी प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक मिली, जिसके चलते वहां कोई नोटिस जारी नहीं किया गया। दोनों दुकानों से लिए गए सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
सत्यम, जलाराम और तृप्ति में भी होगी जांच
त्योहारी सीजन में मिलावट और खराब गुणवत्ता वाली मिठाइयों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य विभाग की टीम शहर के अलग-अलग प्रतिष्ठानों में जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, सत्यम, जलाराम और तृप्ति जैसे बड़े मिठाई प्रतिष्ठानों में भी जांच की जा रही है।
इस दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया, भंडारण के तरीके और दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया जा रहा है। विभाग का कहना है कि त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा।