दुर्ग। पाटन क्षेत्र के बेलौदी गांव में फूड पाइजनिंग के मामले ने अब गंभीर रूप ले लिया है। गाड़ाडीह अस्पताल में भर्ती एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि गांव में बीमार लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब तक 40 से अधिक ग्रामीण प्रभावित बताए जा रहे हैं। मृतका की पहचान सरस्वती निषाद के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, सरस्वती निषाद को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के अनुसार उनकी तबीयत में सुधार हो रहा था और अस्पताल से छुट्टी देने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान अचानक उनकी हालत बिगड़ गई और हार्ट अटैक जैसे लक्षण सामने आए। डॉक्टरों का कहना है कि अचानक कार्डियक अटैक आने से महिला की मौत हुई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

बताया जा रहा है कि शव का पोस्टमार्टम बुधवार को कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि मौत फूड पाइजनिंग, संक्रमण या किसी अन्य वजह से हुई है।
गौरतलब है कि बेलौदी गांव में पिछले दो दिनों से कै-दस्त का प्रकोप फैला हुआ है। बाजार में गुपचुप खाने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। प्रभावित लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कैंप लगाकर इलाज और सर्वे कार्य में जुटी हुई है।
इधर महिला की मौत के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल है, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।