अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग-पुलिस की टीम पर हमला, TI और महिला वनकर्मी घायल

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सरकारी वनभूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के आरसीकन्हार रेंज अंतर्गत करका जंगल में कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों ने टीम का विरोध करते हुए हमला कर दिया। इस घटना में खल्लारी थाना प्रभारी टुमनलाल डडसेना सहित दो महिला वनरक्षक और एक सुरक्षा श्रमिक घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम महादनी नदी के उद्गम स्थल के पास स्थित करका जंगल में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। अभियान में 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए थे। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि अतिक्रमणकारियों ने आगजनी की कोशिश की और पुलिस अधिकारी के साथ महिला वनकर्मियों पर हमला कर दिया।

हमले में खल्लारी थाना प्रभारी टुमनलाल डडसेना, महिला वनरक्षक परमेश्वरी और ललिता तथा सुरक्षा श्रमिक यज्ञ मालती को चोटें आई हैं। वन विभाग के अमले ने घटना की शिकायत खल्लारी थाना क्षेत्र में दर्ज कराई है।

तीन आरोपी हिरासत में

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अतिक्रमण के मामले में श्याम लाल (55 वर्ष), देवलाल नेताम (40 वर्ष) और योगेश कुमार (28 वर्ष) को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ वन्य अपराध अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

एक दशक में सवा लाख पेड़ों को नुकसान

वन विभाग के मुताबिक, करका क्षेत्र में पिछले करीब एक दशक के दौरान लगभग सवा लाख पेड़ों की कटाई और नुकसान हुआ है। इसके अलावा 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि पर अतिक्रमण किया गया था। वनभूमि को कब्जे से मुक्त कराने के लिए विभाग ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया।

2016 में 22 हेक्टेयर था अतिक्रमण, 2026 में बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हुआ

वन विभाग के सर्वेक्षण में सामने आया है कि वर्ष 2016 में करका क्षेत्र की करीब 22 हेक्टेयर वनभूमि पर अतिक्रमण था। अगले दस वर्षों में यह बढ़कर 102.45 हेक्टेयर तक पहुंच गया। अतिक्रमण की स्थिति का आकलन पुराने सैटेलाइट चित्रों, इसरो की इमेजरी और GPS आधारित ड्रोन सर्वेक्षण के जरिए किया गया।

Exit mobile version