कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जेंजरा बाईपास के पास एक युवक का शव बबूल के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान ग्राम ढेलवाडीह निवासी 36 वर्षीय शिवचरण साहू के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस को मृतक की जेब से 19 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। इसमें नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 50 लाख रुपये की ठगी और भारी कर्ज में डूबने का उल्लेख होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवक ने कोरोना काल के दौरान एक स्कूल शुरू किया था, लेकिन आर्थिक परेशानियों और स्कूल के नहीं चल पाने के कारण उसे बंद करना पड़ा था।

जानकारी के मुताबिक, कोरोना काल में नौकरी के नाम पर पैसे लेने वाले बिचौलिए की मौत के बाद शिवचरण पर कर्ज का बोझ बढ़ गया था। सुसाइड नोट में लेनदारों की प्रताड़ना और आर्थिक दबाव का जिक्र होने की बात कही जा रही है। चर्चा है कि सुसाइड नोट की मूल प्रति कोरबा एसपी को भेजी गई है।
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। मौके से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें कर्ज से संबंधित बातें सामने आई हैं। पुलिस नोट में किए गए उल्लेखों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।