रायपुर। केंद्रीय जेल रायपुर एक बार फिर विवादों में है। CGPSC के पूर्व चेयरमैन टामन सोनवानी को जेल में VIP सुविधा दिए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई की है। निगरानी के लिए तैनात तीन जेल प्रहरियों में से एक को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो अन्य के खिलाफ कार्रवाई के लिए उनके मूल पदस्थापना वाले जेल अधीक्षकों को पत्र भेजा गया है।
दरअसल, वायरल वीडियो में टामन सोनवानी अस्पताल में अपने परिजनों से बातचीत करते नजर आए थे। इस दौरान उनके हाथ में हथकड़ी नहीं थी और मौके पर कोई प्रहरी भी मौजूद नहीं दिखा। मामले को गंभीरता से लेते हुए जेल प्रशासन ने निगरानी में तैनात कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की।
जानकारी के मुताबिक सोनवानी की निगरानी के लिए जेल प्रहरी संदीप कुमार माहेश्वरी, नागेंद्र कुमार महतो और पवन कुमार लहरे की ड्यूटी लगाई गई थी। वीडियो सामने आने के बाद रायपुर जेल अधीक्षक ने संदीप कुमार माहेश्वरी को निलंबित कर दिया। वह मूल रूप से बलौदाबाजार जिला जेल में पदस्थ था। वहीं नागेंद्र कुमार महतो और पवन कुमार लहरे के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित जेल अधीक्षकों को पत्र भेजा गया है।

मंगोड़ी सेंटर पर दबिश, नशे का सामान और 72 हजार रुपये बरामद
इधर केंद्रीय जेल रायपुर के मंगोड़ी सेंटर पर जेल प्रशासन की दबिश में बड़ी मात्रा में नशीला सामान और नकदी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान करीब 400 पैकेट सितार गुटखा, नशीली गोलियां, गांजा, तंबाकू, दो मोबाइल फोन और 72 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
यह कार्रवाई मंगोड़ी सेंटर के संचालक राजेश वर्मा के खिलाफ की गई है, जो जेल प्रहरी के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है। आरोप है कि जेल के बाहर संचालित इस सेंटर के जरिए नशीले पदार्थों की जेल के अंदर सप्लाई की जाती थी। मामले की जांच के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
जेल प्रहरी के पास भी मिला तंबाकू
जेल प्रशासन की कार्रवाई के दौरान मन्नत पुरैना नामक जेल प्रहरी के पास से भी 15 पैकेट तंबाकू मिलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि नशीले सामान से जुड़े लेनदेन का ऑनलाइन भुगतान उसकी बेटी के बैंक खाते में लिया जाता था।
फिलहाल दोनों मामलों में जेल प्रशासन ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। हालांकि, अभी तक उनके खिलाफ किसी बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के बाद से मंगोड़ी सेंटर पिछले तीन दिनों से बंद है।