गौरा-गौरी विसर्जन में शामिल हुए मंत्री गजेन्द्र यादव : दुर्गवासियों के साथ मनाई दीपावली, पारंपरिक पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद

गौरा-गौरी विसर्जन में शामिल हुए मंत्री गजेन्द्र यादव

दुर्ग। दीपावली के उल्लास और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपराओं के बीच कैबिनेट मंत्री एवं दुर्ग विधायक गजेन्द्र यादव ने शहर के विभिन्न मोहल्लों में आयोजित गौरा-गौरी विसर्जन कार्यक्रमों में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कसारिडीह सिविल लाइन और डिपरापारा में आयोजित पारंपरिक कार्यक्रमों में शामिल होकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।

कसारिडीह सिविल लाइन से निकली पारंपरिक गौरा-गौरी विसर्जन यात्रा में मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद डिपरापारा में आयोजित गौरा-गौरी विसर्जन कार्यक्रम में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और लोक आस्था के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने मोहल्लेवासियों और शहर के परिवारजनों से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।

लोकसंस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है गौरा-गौरी पर्व

मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि गौरा-गौरी पर्व छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे पर्व अपनों के साथ खुशियां बांटने, बुजुर्गों का आशीर्वाद लेने और समाज के हर वर्ग से आत्मीयता के साथ जुड़ने का अवसर देते हैं।

दुर्ग की पहचान उसकी जीवंत परंपराओं से है

मंत्री ने कहा कि दुर्ग शहर की पहचान यहां की जीवंत सामाजिक परंपराओं, सांस्कृतिक आयोजनों और लोगों के बीच आपसी आत्मीयता से है। दीपावली के अवसर पर अलग-अलग मोहल्लों में गौरा-गौरी पर्व को लेकर लोगों का उत्साह और सहभागिता छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की मजबूती को दर्शाती है।

Exit mobile version