दुर्ग के अस्पताल में आयुष्मान योजना के नाम पर फर्जीवाड़ा, जांच में मिली अनियमितताएं

दुर्ग। जिले के पद्मनाभपुर स्थित 20 बिस्तरों वाले वीवाय अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के नाम पर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त जांच में अस्पताल में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं। जांच के दौरान न तो योग्य डॉक्टर मिले और न ही प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ। इसके बावजूद आयुष्मान योजना के पोर्टल पर मरीजों को भर्ती दर्शाकर उनके इलाज का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा था।

कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर सृष्टि चंद्राकर के नेतृत्व में पहुंची जांच टीम ने करीब ढाई घंटे तक अस्पताल के दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान आयुष्मान पोर्टल पर 17 मरीज भर्ती दर्ज मिले, लेकिन इनमें से तीन मरीज अस्पताल में मौजूद नहीं थे। इतना ही नहीं, एक मरीज की फाइल में अगले दिन तक के इलाज की एंट्री पहले से दर्ज पाई गई।

जांच में स्टाफ की योग्यता को लेकर भी गंभीर सवाल सामने आए। बताया गया कि एमए पास महिला नर्सिंग का काम कर रही थी, जबकि बीएएमएस डिग्रीधारी व्यक्ति खुद को आईसीयू डॉक्टर बताकर मरीजों का इलाज कर रहा था।

जांच रिपोर्ट पर भी उठे सवाल

मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा मरीजों की जांच रिपोर्ट को लेकर हुआ। अस्पताल में मरीजों की जांच रिपोर्ट वीवाय डायग्नोस्टिक सेंटर एवं पैथोलॉजिकल लेबोरेटरी के नाम से तैयार की गई थी। हालांकि, नोडल अधिकारी के अनुसार जिले में इस नाम से कोई पैथोलॉजी सेंटर पंजीकृत नहीं है। रिपोर्ट में तकनीकी खामियां मिलने के बाद इनके आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किए जाने की आशंका भी जताई गई है।

राज्य सरकार को कार्रवाई के लिए लिखा पत्र

सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी ने बताया कि जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। आयुष्मान भारत योजना से जुड़े मामले में राज्य स्तर पर कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। वहीं, नर्सिंग होम एक्ट के उल्लंघन को लेकर भी राज्य सरकार को कार्रवाई के लिए लिखा गया है।

फिलहाल प्रशासन ने अस्पताल से संबंधित दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले ने स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और आयुष्मान योजना के क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग-पुलिस की टीम पर हमला,...

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सरकारी वनभूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला किए जाने का...

नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का मामला: डॉक्टर समेत 3...

रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के मामले में पुलिस ने एक डॉक्टर समेत तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार...

पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जेब से...

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जेंजरा बाईपास के पास एक युवक का शव बबूल के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका...

सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं और 9वीं में प्रवेश...

रायपुर। भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों के लिए सैनिक स्कूल एक बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। यहां कक्षा...