CG
कबीरधाम। कबीरधाम पुलिस ने सरकारी कर्मचारियों को ब्लैकमेल कर अवैध उगाही करने वाले कथित पत्रकारों के गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपियों द्वारा झूठी और भ्रामक खबरें छापकर अवैध वसूली करते थे। इस पूरे मामले को लेकर एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि थाना कवर्धा में पीड़ित मदन सिंह पुरले व प्रभात गुप्ता (नेत्र सहायक अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पोंडी) ने शिकायत दर्ज कराई। उनके आवेदन पर अमन बिसारिया, रियाज अत्तारी, फिरोज खान और अजय जांगड़े सभी निवासी कबीरधाम के खिलाफ धारा 319(2), 308(2), 61(2) BNS के तहत अपराध दर्ज किए गए है।

गिरोह के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई
कबीरधाम पुलिस ने सरकारी कर्मचारियों को ब्लैकमेल कर अवैध वसूली करने वाले इस गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कवर्धा पुलिस ने इस कार्रवाई को गिरोह के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सफलता बताया है। पुलिस ने सरकारी कर्मचारियों और आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति पत्रकार बनकर अवैध वसूली करने का प्रयास करता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

- अमन बिसारिया – कथित मंत्री का निज सचिव और विजिलेंस अधिकारी होने का झूठा दावा करता था। वॉयस चेंजर ऐप से महिला की आवाज में फोन कर ब्लैकमेल करता था।
- रियाज अत्तारी – ‘टाइम्स न्यूज इंडिया’ पोर्टल का संचालक, सरकारी अफसरों के खिलाफ फर्जी खबरें छापकर उगाही करता था।
- फिरोज खान – ’24 सीजी न्यूज’ का कथित पत्रकार, ब्लैकमेलिंग में लिप्त।
- अजय जांगड़े – गिरोह का सक्रिय सदस्य, ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली में शामिल।

कैसे करते थे अवैध उगाही?
पुलिस को दो प्रमुख शिकायतें मिलीं, जिनके आधार पर कार्रवाई की गई।

प्रथम शिकायत:
शिकायतकर्ता मदन सिंह पुरले (ग्रामीण चिकित्सा सहायक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिंभौरी) ने बताया कि आरोपियों ने वित्तीय अनियमितता की झूठी खबर छापने की धमकी देकर ₹10,000 की वसूली की। अमन बिसारिया ने स्वास्थ्य सचिव तक शिकायत भेजने की धमकी दी, जबकि रियाज अत्तारी ने ₹10,000 की मांग की, जिसे मजबूरी में देना पड़ा। फिरोज खान और अजय जांगड़े ने भी पैसे ऐंठने का प्रयास किया।

द्वितीय शिकायत:
शिकायतकर्ता प्रभात गुप्ता (नेत्र सहायक अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पोंडी) ने बताया कि आरोपियों ने झूठी खबरें प्रकाशित कर मानसिक प्रताड़ना दी और ₹32,000 की अवैध वसूली की। उन्होंने आरटीआई और निलंबन की धमकी देकर पैसे ऐंठे।

थाना कवर्धा में दर्ज एफआईआर:
अपराध क्रमांक 114/2025 और 115/2025 के तहत मामला दर्ज।
साइबर सेल की मदद से आरोपियों को ट्रैक कर गिरफ्तार किया गया।