देश में 10 राज्यों के राज्यपाल बदले गए: रामेन डेका को मिली छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी… ओम माथुर को बनाया गया सिक्किम का गवर्नर; पूर्व महामहिम हरिचंदन और रमेश बैस को फिलहाल नियुक्ति नहीं… देखिये पूरी लिस्ट

नई दिल्ली। देश में छत्तीसगढ़ समेत 10 राज्यों के राज्यपाल बदले गए है। रामेन डेका को छत्तीसगढ़ का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। उन्होंने विश्व भूषण हरिचंदन की जगह ली है। डेका वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव हैं और अब छत्तीसगढ़ के 9वें राज्यपाल के रूप में सेवा देंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार देर रात छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, पंजाब समेत 10 राज्यों के राज्यपालों की नई नियुक्ति की। गुलाब चंद कटारिया पंजाब और चंडीगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। लिस्ट में मेघालय, सिक्किम, मणिपुर, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, राजस्थान, पंजाब और चंडीगढ़ शामिल है।

पूर्व राज्यपाल हरिचंदन और रमेश बैस को फिलहाल कोई नियुक्ति नहीं
झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन अब महाराष्ट्र के राज्यपाल होंगे। अभी रमेश बैस महाराष्ट्र के गवर्नर हैं। बैस छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं और रायपुर लोकसभा सीट से 7 बार सांसद रहे हैं। इसी तरह, लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को हटाकर ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम के राज्यपाल का पद सौंपा गया है। माथुर छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रभारी रह चुके हैं। इससे पहले, मध्य प्रदेश के राज्यपाल रामनरेश यादव और आनंदीबेन पटेल ने राज्य का अतिरिक्त प्रभार संभाला था। छत्तीसगढ़ में अब तक 8 पूर्णकालिक राज्यपाल अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पूर्व राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन को फिलहाल किसी भी राज्य का प्रभार नहीं दिया गया है। उन्हें 23 फरवरी 2023 को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया था।

सिक्किम के गवर्नर माथुर रह चुके है छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रभारी
सिक्किम के गवर्नर बनाए गए बीजेपी के सीनियर लीडर ओम प्रकाश माथुर छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रभारी रह चुके हैं। विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान वे राज्य बीजेपी के प्रभारी थी। उन्हीं की रणनीति पर आगे बढ़ते हुए बीजेपी ने प्रदेश में 54 सीटें जीती थी। राज्यपालों की सूची के मुताबिक महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस को फिलहाल किसी राज्य का प्रभार नहीं दिया गया है। यानी वे नए राज्यपाल की शपथ के बाद गवर्नर नहीं रहेंगे। इसी तरह बिस्वभूषण हरिचंदन छत्तीसगढ़ के राज्यपाल को भी किसी राज्य का प्रभार नहीं दिया गया है।

नए राज्यपालों की पूरी सूची :-

हरिभाऊ किसनराव बागड़े राजस्थान के राज्यपाल बनाए गए।

विष्णु देव वर्मा तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

ओम प्रकाश माथुर सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है।

संतोष कुमार गंगवार झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

रमन डेका छत्तीसगढ़ का राज्यपाल बनाया गया है।

सी एच विजयशंकर मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

सीपी राधाकृष्णन झारखंड से महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

लक्ष्मण प्रसाद आचार्य: सिक्किम से असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, और उन्हें मणिपुर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया।

कौन हैं छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल रामेन डेका?
रामेन डेका का जन्म 1 मार्च 1954 को हुआ था और वे वर्तमान में 70 वर्ष के हैं। असम के रहने वाले डेका बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। वे 1980 से राजनीति में सक्रिय हैं और दो बार बीजेपी की टिकट पर सांसद रह चुके हैं। सांसद के रूप में कार्यकाल: 2009 में पहली बार असम की मंगलदोई सीट से सांसद चुने गए और 2014 में पुनः सांसद बने। लोकसभा में भूमिका: वे लोकसभा में अध्यक्षों के पैनल के सदस्य, परामर्श समिति के सदस्य, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की केंद्रीय सलाहकार समिति के सदस्य भी रहे।

असम बीजेपी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं डेका
वे विदेश मंत्रालय और विदेश एवं प्रवासी भारतीय मामलों के सदस्य भी रहे हैं। 2006 में डेका असम बीजेपी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। राष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियां: राजनीति के साथ-साथ डेका सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी गहरी रुचि रखते हैं। रामेन डेका की नियुक्ति से छत्तीसगढ़ में नई उम्मीदें और संभावनाएं जागृत हुई हैं, और प्रदेश को उनके नेतृत्व में प्रगति की नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version