Delhi Baby Care Center Fire: राजकोट के बाद दिल्ली में दिल दहला देने वाला अग्निकांड, न्यू बोर्न बेबी केयर सेंटर और हॉस्पिटल में आग लगने से 7 नवजात की मौत, 5 घायल… बिल्डिंग जल कर खाक, मालिक गिरफ्तार… CM साय ने जताया दुःख

नई दिल्ली। राजकोट के बाद देश की राजधानी दिल्ली में बड़ा अग्निकांड हुआ है। ये दर्दनाक घटना दिल्ली के विवेक विहार में शनिवार देर रात एक न्यू बोर्न बेबी केयर सेंटर एंड हॉस्पिटल में हुआ। भीषण आग लगने की वजह से झुलसकर 7 मासूमों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, इस दौरान आग के धमाके भी हुए। हादसे के बाद 5 नवजात घायल बच्चों को दूसरे अस्पताल में एडमिट कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। मिली जानकारी के अनुसार एक बच्चा वेंटिलेटर पर है। इस दर्दनाक हादसे के बाद राजधानी दिल्ली में हाहाकार मच गया है।

बताया जा रहा है कि, आग लगने के समय न्यू बोर्न बेबी केयर हॉस्पिटल में 12 बच्चे भर्ती थे। जिन्हें आग लगने के बाद आनन-फानन में रेस्क्यू करने की कोशिश की गई। लेकिन आग इतनी भयानक थी कि जब तक बच्चों को रेस्क्यू किया गया। तब तक सात बच्चे जान छोड़ चुके थे। इस हादसे को लेकर वहां आसपास के लोग भी मंजर को देख दहशत में आ गए। सब लोग वहां इस घटना से दुखी थे।

न्यू बोर्न बेबी केयर सेंटर एंड हॉस्पिटल में इतनी भयानक आग लगी थी की दमकल विभाग की आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियों को मौके पर मोर्चा संभालना पड़ा। वहीं दमकल कर्मी जद्दोजहद के साथ जब तक आग पर काबू पा पाते तब तक हॉस्पिटल की बिल्डिंग जलकर खाक हो चुकी थी। वहां का सारा सामान जल चुका था। हॉस्पिटल की गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। यहां तक की आग में ऑक्सीजन सिलेंडर भी फट गए। बेबी केयर सेंटर में बड़ी संख्या में ऑक्सीजन सिलेंडर पड़े मिले हैं।

आग के इस हादसे के बाद दिल्ली पुलिस भी मौके पर पहुंची। वहीं आग बुझने के बाद अब आगे की जांच-पड़ताल के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि, इस हादसे के बाद से हॉस्पिटल का मालिक पश्चिम विहार निवासी नवीन किची फरार हो गया था। पुलिस ने उसे रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस द्वारा उसके खिलाफ धारा 336 और 304ए के तहत FIR दर्ज़ की गई है।

सीएम विष्णुदेव साय ने जताया दुःख

7 नवजात शिशुओं की मौत पर सीएम विष्णुदेव साय ने दुःख जताया है। सीएम ने X पर लिखा, नई दिल्ली के विवेक विहार स्थित अस्पताल में लगी आग से नवजात शिशुओं के निधन की खबर से मन अत्यंत दुःखी है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत शिशुओं की आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें। हादसे में घायल शिशु भी जल्द से जल्द स्वस्थ हों, इसकी कामना है। ॐ शांति।

Exit mobile version