छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट: मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट… रायपुर, दुर्ग, बस्तर संभाग में बरसात जारी… वहीं भारी बारिश के चलते स्कूलों में भी छुट्टी, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

बस्तर। छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा से कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। एक-दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। वहीं बिलासपुर के जांजगीर-चांपा में भारी वर्षा और वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बरसात की वजह से राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पानी घुस गया है।

वही भारी बारिश के चलते बस्तर के स्कूलों में छुट्टी दे दी गई। कलेक्टर ने ये आदेश सभी निजी और शासकीय स्कूलों के लिए जारी किया है। आपको बता दे बस्तर जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी वर्षा से नदी-नालों में जल भराव की स्थिति बन गई है। साथ ही,मौसम विभाग द्वारा जिले के अधिकांश स्थानों में वर्षा की संभावना जताई गई है, जिसको देखते हुए 10 अगस्त को बस्तर जिले में संचालित समस्त निजी एवं शासकीय विद्यालयों के लिए कलेक्टर द्वारा अवकाश घोषित किया गया है।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अगले 24 घंटों में प्रदेश के बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कोण्डागांव, कांकेर, नारायणपुर, धमतरी, महासमुंद, राजनांदगांव, बालोद, गरियाबंद, रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम, बलौदा बाजार-भाटापारा, बेमेतरा, जांजगीर-चांपा और उससे लगे जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना है। इसके बाद नदी-नालों के कैचमेंट एरिया, निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

मौसम विभाग ने कहा है कि इस बरसात से नहरों का प्रभाव बढ़ सकता है। खेत डूब सकते हैं और फसलें जलमग्न हो सकती हैं। रेलवे और सड़क परिवहन पर भी जलजमाव का असर हो सकता है। ऐसे क्षेत्रों में सतर्क रहने को कहा गया है।

नदी में बह गया पेंट से भरा ट्रक
धमतरी के नगरी के पास सिंदूर नदी में पेंट से भरा एक ट्रक बह गया। पेंट लेकर आंध्र प्रदेश से रायपुर आ रहे ट्रक ने पानी भरे पुल को पार करने की कोशिश की थी। ड्राइवर बाढ़ के तेज बहाव में ट्रक को संभाल नहीं पाया और ट्रक नदी में पलट गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह ड्राइवर और उसके सहयोगी को बचा लिया। लेकिन पूरा ट्रक और उसपर लदा माल नदी में बह गए।

रायपुर-माना में हुई भारी बरसात
रायपुर में सोमवार रात से बरसात जारी है। मंगलवार को सुबह 8.30 बजे तक 27.8 मिलीमीटर बरसात हो चुकी थी। माना में सुबह 8.30 बजे तक 78.9 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई। बरसात दिन भर हाेती रही। मौसम विभाग ने शाम 5.30 बजे रायपुर में 69.2 मिमी और माना में 63 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की है। यह अगस्त महीने की सबसे भारी बरसात रही है। शाम को राजनांदगांव में 82 मिमी बरसात दर्ज हुई है। वहीं 25.7 मिमी, जगदलपुर में 11.7 और अंबिकापुर में 4.3 मिमी वर्षा दर्ज हुई है। बिलासुपर और पेण्ड्रा रोड में भी बरसात है।

अभी यह मौसमी तंत्री सक्रिय है
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, मानसून द्रोणिका नलिया, अहमदाबाद, इंदौर, मंडला, रायगढ़, निम्न दाब के केंद्र और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर उत्तर अंडमान सागर तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली है। एक अवदाब तटीय उड़ीसा और उससे लगे उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में स्थित है। इसके साथ ही ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढने की सम्भावना है।

बुधवार को मध्य छत्तीसगढ़ में जमकर बरसात
मौसम विभाग के मुताबिक 10 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छीटें पडने की सम्भावना है। प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने तथा एक दो स्थानों पर अति भारी वर्षा होने की भी सम्भावना बन रही है। भारी तथा अति भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः मध्य छत्तीसगढ़ रहने की सम्भावना है। इसी क्षेत्र में रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग का सबसे बड़ा खेतिहर इलाका आता है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

जेल में हुई दोस्ती, बाहर आते ही ज्वेलरी दुकान...

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित राज ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज दिनदहाड़े डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात का...

CMDC और JNARDDC के बीच हुआ एमओयू, क्रिटिकल मिनरल्स...

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के "क्रिटिकल मिनरल मिशन" एवं "आत्मनिर्भर भारत" के विजन को साकार करने की दिशा में छत्तीसगढ़ ने एक और महत्वपूर्ण...

CG Crime : महिला और 10 माह की मासूम...

रायगढ़। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में शनिवार को एक महिला और उसकी 10 माह की मासूम बच्ची का शव मिलने...

महतारी वंदन योजना: सरकार 27 हजार महिलाओं से वसूलेगी...

रायपुर। महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है. हर महीने प्रदेश की 68 लाख से ज्यादा हितग्राही महिलाओं को...