छत्तीसगढ़: इधर, CRPF जवान पति ने खुद को मारी गोली… उधर पत्नी ने लगायी फांसी… आत्महत्या से पहले दोनों फोन पर कर रहे थे बात, 3 महीने पहले ही हुई थी शादी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के रहने वाले सीआरपीएफ के जवान ने खुद को गोली मार ली है। इस घटना के कुछ मिनट बाद ही जवान की पत्नी ने भी फांसी लगाकर जान दे दी है। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है।

कुकुर्दीकेरा निवासी चंद्रभूषण जगत(25) सीआरपीएफ 113वीं बटालियन गढ़चिरौली में आरक्षक के रूप में पदस्थ था। तीन महीने पहले ही उसकी सरकंडा के लोधीपारा निवासी यामिनी जगत(22) से शादी हुई थी। शादी के बाद कुछ दिनों तक दोनों साथ में रहे। फिर चंद्रभूषण अपनी ड्यूटी पर गढ़चिरौली लौट गया था।

पचपेड़ी थाना प्रभारी प्रवीण सिंह राजपूत का कहना है कि पति-पत्नी के बीच मौत का अंतराल 2 से 5 मिनट के बीच का है। उन्होंने बताया कि हमने गढ़चिरौली में सीआरपीएफ के अधिकारियों से बातचीत की है। अधिकारियों ने बताया कि जवान की मौत सुबह 8 बजकर 5 से 8 मिनट के बीच हुई है। जबकि उसकी पत्नी की मौत 8 बजकर 10 मिनट से लेकर 15 मिनट के बीच हुई है। ऐसे में आशंका है कि दोनों पति-पत्नी फोन से बात कर रहे थे और इसी दौरान दोनों ने आत्महत्या की है।

बताया जा रहा है कि सुबह दोनों फोन पर बात कर रहे थे। कुछ देर तक दोनों में बातचीत हुई। इसके बाद चंद्रभूषण जगत ने खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पति का फोन कट गया। तब उसकी पत्नी यामिनी ने भी घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।

जानकारी मिली है कि घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था। जवान के माता-पिता खेत गए हुए थे। वहीं उसका भाई प्रवीण छोटी बहन को स्कूल छोड़ने के लिए गया था। जब प्रवीण वापस घर लौटा तो यामिनी फंदे से लटकी थी। उसने अपने माता-पिता को इस बात की जानकारी दी। उसने अपने भाई को फोन लगाया तो कोई ने जवाब नहीं दिया। कुछ देर बाद सीआरपीएफ के अधिकारियों ने प्रवीण को उसके भाई के सुसाइड करने की सूचना दी।

दोनों का किया गया अंतिम संस्कार
वहीं घटना की जानकारी शुक्रवार शाम को सामने आई है। मौत के बाद पीएम के लिए शव को लाया गया। सीआरपीएफ के जवान शनिवार सुबह जवान का शव लेकर उसके पैतृक गांव पहुंचे। जिसके बाद शनिवार को ही दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।

सुसाइड के कारणों का पता नहीं चल सका
पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी ने सुसाइड क्यों किया, इस बात का पता नहीं चल सका है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। कॉल डिटेल्स भी चेक किए जा रहे हैं। फिलहाल मामले में जांच जारी है।

Exit mobile version