दुर्ग। दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र स्थित शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के सेवा सदन कार्यालय में आज होली मिलन समारोह बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ उमड़ी।
होली मिलन समारोह के दौरान लोगों में अपने लोकप्रिय विधायक को रंग-गुलाल लगाने का खास उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की गूंज और पारंपरिक होली गीतों के बीच उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया गया। शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने सभी को होली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व आपसी प्रेम, एकता और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।