बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर बलौदाबाजार जिले के दरचुरा के पास भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। अंबिकापुर से रायपुर जा रही तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़ी ट्रक में जा घुसी। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। दुर्घटना सिमगा थाना क्षेत्र की है।
बस में सवार थे करीब 22 यात्री
जानकारी के मुताबिक, रॉयल ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 04 NM 0859 सोमवार सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे। सुबह लगभग 5:30 बजे दरचुरा के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़ी ट्रक से टकरा गई। हादसे के समय अधिकांश यात्री नींद में थे, जिसके चलते उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 से 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस और डायल 112 ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और सिमगा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल उपचार के लिए सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं, मृतकों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी, ताकि हाईवे पर यातायात बाधित न हो।
चालक को झपकी आने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि क्या बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। हालांकि, पुलिस खड़ी ट्रक पर रिफ्लेक्टर की मौजूदगी समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।
छत्तीसगढ़ में लगातार हो रहे सड़क हादसे
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से सड़क दुर्घटनाओं में लगातार लोगों की जान जा रही है। रविवार को कोरिया जिले के चर्चा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर गांव के पास बस और बोलेरो की भिड़ंत में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार बच्चों समेत 14 लोग घायल हो गए।
इससे पहले गुरुवार को मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस सेमरमथानी मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हुई थी, जबकि चालक समेत करीब 40 लोग घायल हुए थे।
वहीं, राजधानी रायपुर में भी पिछले 24 घंटे के दौरान चार अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड चौक पर ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला गंगा साहू (35) और उनकी नौ वर्षीय बेटी रितिका साहू की मौत हो गई। इसके अलावा विधानसभा रोड पर दौंदेखुर्द के पास पिकअप की टक्कर से दोपहिया सवार एक युवक की जान चली गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

