CG में भीषण सड़क हादसा : दो ट्रकों में आमने-सामने भिड़ंत, तीन की मौत, हाईवे पर लगा लंबा जाम

कांकेर। चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम रतेसरा के पास नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में आ रहे दो भारी ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में ट्रक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद नेशनल हाईवे-30 पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई है।

घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और चारामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाने का कार्य शुरू किया, ताकि यातायात को जल्द बहाल किया जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मृतकों की पहचान की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version