CG News : शिक्षक-शिक्षिका का आपत्तिजनक वीडियो वायरल, DEO ने दिए जांच के निर्देश

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक शिक्षक और शिक्षिका का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों शिक्षक नवागढ़ विकासखंड के बोड़सरा प्राथमिक शाला, खैरवार पारा में पदस्थ हैं। हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि यदि वीडियो सही पाया जाता है तो संबंधित शिक्षक-शिक्षिका के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) अशोक सिन्हा ने जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।

डीईओ ने बताया कि यदि जांच में यह पुष्टि होती है कि वीडियो वास्तविक है और उसमें संबंधित शिक्षक-शिक्षिका ही हैं, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल शिक्षा विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि वायरल वीडियो कब का है, किस परिस्थिति में बनाया गया और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान क्या है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। भिलाई टाइम्स इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।

Exit mobile version