पारिवारिक कलह में पति की हत्या, पत्नी, सास, साढू समेत चार आरोपी गिरफ्तार, एक लाख में दी थी सुपारी

बिलासपुर| चकरभाठा थाना क्षेत्र में 17 जुलाई को हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को बिलासपुर पुलिस ने महज कुछ दिनों में सुलझाकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। हाई-प्रोफाइल अंदाज में की गई इस हत्या में मृतक की पत्नी, सास, साढू और उसके दोस्त की साजिश सामने आई है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

हिर्री माइंस के पास 17 जुलाई को एक अज्ञात युवक की क्षत-विक्षत लाश मिली थी। चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था जिससे पहचान मुश्किल हो गई थी। बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन में पुलिस की सायबर सेल और चकरभाठा थाना टीम ने संयुक्त जांच में तकनीकी इनपुट और 100 से ज्यादा CCTV फुटेज की मदद से न सिर्फ शव की पहचान की, बल्कि आरोपियों तक भी पहुंची।

मृतक की पहचान साहिल कुमार पाटले (उम्र 24 वर्ष) के रूप में हुई, जो मूल रूप से ग्राम मोहनपुर (थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा) का रहने वाला था। वर्तमान में वह कालिका नगर, तिफरा (सिरगिट्टी) में रह रहा था।

हत्या की वजह बनी पारिवारिक कलह

जांच में सामने आया कि साहिल की पत्नी वर्षा खुंटे से उसका रिश्ता ठीक नहीं चल रहा था। साहिल शराब पीकर अक्सर वर्षा के साथ मारपीट करता था। वर्षा ने यह बात अपनी मां सरोजनी खुंटे को बताई, जिसके बाद मां-बेटी ने साजिश रच डाली। उन्होंने वर्षा के भाई राजाबाबू खुंटे और उसके दोस्त विकास आदिले को 1 लाख रुपये की सुपारी दी। एडवांस में 8 हजार रुपये भी दे दिए गए।

घटना के दिन राजाबाबू और विकास, साहिल को बाइक (CG 11 BJ 1748) पर हिर्री माइंस ले गए। वहां तीनों ने शराब पी और जैसे ही साहिल नशे में चूर हुआ, दोनों ने मिलकर पत्थर से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। पहचान छुपाने के लिए चेहरे पर भी कई बार वार किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में सरोजनी खुंटे – सास, वर्षा खुंटे – पत्नी, राजाबाबू खुंटे – साढू, विकास आदिले – दोस्त शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोटरसाइकिल, और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

SSP ने की पुलिस टीम को इनाम देने की घोषणा

इस केस को सुलझाने में A.C.C.U. (सायबर सेल) व चकरभाठा थाना की संयुक्त टीम ने सराहनीय काम किया। एसएसपी रजनेश सिंह ने टीम की प्रशंसा करते हुए इनाम की घोषणा भी की है। प्रमुख टीम सदस्यों में एडिशनल SP राजेन्द्र जायसवाल, एएसपी अनुज कुमार, डीएसपी रशमीत कौर चावला और निरीक्षक उत्तम साहू समेत दर्जनों अधिकारी और जवान शामिल थे।

Exit mobile version