भिलाई में बाबा साहब अंबेडकर के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर लोगों में आक्रोश, थाने का किया घेराव, आरोपी युवती गिरफ्तार

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में बौद्ध समाज और उनके अनुयायियों में भारी आक्रोश देखने को मिला. इस घटना के विरोध में बड़ी संख्या में लोग भिलाई नगर कोतवाली थाने पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए थाने का घेराव किया.

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि भिलाई की एक युवती अनामिका उपाध्याय ने सोशल मीडिया पर एक रील पोस्ट कर बाबा साहब पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद यह मामला तूल पकड़ लिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती के खिलाफ धारा 299 बी समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.

सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी के अनुसार, आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है. वहीं, प्रदर्शनकारियों ने सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में अशांति फैलाती हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. वहीं पुलिस का कहना है कि अराजक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा. जो भी व्यक्ति अशांति फैलाता हुआ पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Exit mobile version