कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका इलाके में दिनदहाड़े नकली पुलिस बनकर ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाइक सवार दो बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक बुजुर्ग को डराया और जांच के नाम पर उनके गले से सोने की चेन और हाथ से अंगूठी उतरवा ली। इसके बाद शातिर आरोपियों ने असली गहने लेकर बुजुर्ग को नकली चेन और अंगूठी थमा दी और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की पहचान खरमोरा निवासी समीर चट्टोपाध्याय, रिटायर्ड BALCO कर्मी के रूप में हुई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे बाइक से निहारिका इलाके में नारियल पानी पीने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि वे काफी देर से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। बदमाशों ने इलाके में पुलिस की रेड पड़ने और उनके पास गांजा होने की सूचना मिलने की बात कहकर बुजुर्ग को डराया। इसके बाद आरोपियों ने उनसे एक कागज पर हस्ताक्षर भी करवाए।


जांच के नाम पर उतरवाए सोने के गहने
बदमाशों ने सुरक्षा जांच का हवाला देते हुए पीड़ित से गले में पहनी सोने की चेन और हाथ में मौजूद अंगूठी उतरवा ली। आरोपियों ने दोनों गहनों को एक पन्नी में रखने का दिखावा किया। इसके बाद उन्होंने चालाकी से पन्नी बदल दी और बुजुर्ग के हाथ में नकली चेन और अंगूठी वाली पन्नी थमा दी।
पीड़ित को इस बात का अंदाजा नहीं हुआ कि पन्नी बदल दी गई है। दोनों आरोपी असली सोने के गहने लेकर बाइक से मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब बुजुर्ग ने पन्नी खोलकर देखी तो उन्हें ठगी का पता चला।
पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही
घटना के बाद पीड़ित ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका इलाके में हुई है। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना में अपराध दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस जांच कर रही है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस बाइक सवार दोनों आरोपियों के हुलिए, बाइक और उनके आने-जाने के रास्ते की जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने पहले से रेकी कर बुजुर्ग को निशाना बनाया होगा। पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

