भिलाई में साहू समाज का परिचय सम्मेलन: उप मुख्यमंत्री अरुण साव बोले- बिना संस्कार के शिक्षा अधूरी, परिवार संस्कार शिविर लगाने की जरूरत

भिलाई / दुर्ग, 29 नवंबर 2026: उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज भिलाई नगर में आयोजित साहू समाज के युवक-युवती परिचय सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने युवक-युवती परिचय पत्रिका का विमोचन किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, डॉ. वीरेन्द्र साहू, दीपक ताराचंद साहू, श्यामलाल साहू सहित समाज के पदाधिकारी एवं अन्य समाजजन उपस्थित थे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि परिचय सम्मेलन और स्मारिका प्रकाशन का उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों एवं उनके परिवारों को कम समय और कम मेहनत में सही जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि रिश्ते तलाशने में होने वाली परेशानियां कम हों। उन्होंने कहा कि बदलते समय और परिस्थितियों के अनुरूप समाज की गतिविधियों एवं कार्यप्रणाली में भी बदलाव लाना आवश्यक है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज समाज के लोग शिक्षा, व्यापार और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन बच्चों एवं युवाओं में अच्छे संस्कार और आचरण विकसित करना सबसे महत्वपूर्ण है। केवल शिक्षा और नौकरी की चिंता करने के बजाय माता-पिता को बच्चों के संस्कारों पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए, क्योंकि अच्छे संस्कारों के बिना शिक्षा अधूरी है। इसके लिए परिवार संस्कार शिविर आयोजित कर नई पीढ़ी को सही दिशा देने की आवश्यकता है।

उप मुख्यमंत्री साव ने समाज में धर्मांतरण की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों को जागरूक और सतर्क रहने तथा समाज के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज आज राजनीति, व्यापार, उद्योग और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। विदेशों में भी समाज के युवा बड़ी कंपनियों में काम कर अपनी पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कर्मा जयंती, युवक-युवती परिचय सम्मेलन और सामूहिक आदर्श विवाह जैसे आयोजन समाज को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। आगामी परिचय सम्मेलनों में केवल आयोजन तक सीमित न रहकर कम से कम 5 से 10 जोड़ों के विवाह संबंध तय कराने की ठोस योजना और व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, ताकि समाज के समय और संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके।

Exit mobile version