जगदलपुर। किरंदुल में वेस्ट माइनिंग को लेकर जारी विवाद के बीच NMDC प्रबंधन ने अपने वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। किरंदुल परियोजना में जनरल मैनेजर (एचआर) के पद पर पदस्थ सुधांशु वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। 24 नवंबर 2026 को कंपनी के हैदराबाद स्थित निदेशालय से जारी आदेश के बाद इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है। हालांकि, आदेश में निलंबन के पीछे की विस्तृत वजह या अधिकारी पर लगे विशिष्ट आरोपों का खुलासा नहीं किया गया है।
नियम 20 के तहत हुई कार्रवाई
NMDC की ओर से जारी आदेश में सुधांशु वर्मा को कंपनी के Employees Conduct, Discipline and Appeal Rules, 1978 के नियम 20 के तहत निलंबित किए जाने का उल्लेख है। आदेश के अनुसार, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित है। निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय BIOM किरंदुल कॉम्प्लेक्स रहेगा। उन्हें कार्यकारी निदेशक की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की भी अनुमति नहीं होगी।
वेस्ट माइनिंग को लेकर ग्रामीणों ने जताई थी नाराजगी
किरंदुल में खनन के दौरान निकलने वाले मलबे और उसके निस्तारण को लेकर पिछले दिनों विवाद तेज हुआ था। प्रभावित ग्रामीणों ने खनन गतिविधियों के कारण आसपास के जंगल, प्राकृतिक जलस्रोतों और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता जताई थी। इस मुद्दे पर स्थानीय स्तर पर विरोध के साथ राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई थीं।

कांग्रेस की सात सदस्यीय टीम ने किया था निरीक्षण
वेस्ट माइनिंग के मुद्दे पर कांग्रेस के सात सदस्यीय जांच दल ने भी किरंदुल पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया था। टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और खनन गतिविधियों से हुए नुकसान को लेकर NMDC प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। इस दौरान प्रभावित इलाकों की स्थिति और पर्यावरणीय नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था।
निलंबन के कारणों पर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं
ग्रामीणों की शिकायतों और राजनीतिक विरोध के बीच NMDC के वरिष्ठ अधिकारी पर हुई कार्रवाई ने मामले को और चर्चा में ला दिया है। हालांकि, निलंबन आदेश में वेस्ट माइनिंग विवाद को कार्रवाई का प्रत्यक्ष कारण नहीं बताया गया है। प्रबंधन ने केवल अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित होने का उल्लेख किया है। ऐसे में सुधांशु वर्मा के निलंबन के वास्तविक आधार और आगे की विभागीय कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।