कोरबा में किन्नरों और पिता-पुत्र के बीच खूनी झड़प : चाकू-डंडे से हमले का आरोप, मारपीट का वीडियो वायरल

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दीपका से मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में किन्नर समाज के लोगों और पिता-पुत्र के बीच जमकर हाथापाई होती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि एक कमेंट को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते विवाद और फिर हिंसक झड़प में बदल गई। करीब 10 मिनट तक दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने की बात सामने आई है।

पान दुकान के पास हुआ विवाद

मामला दीपका थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार, किन्नर समाज के कुछ लोग दीपका इलाके में ढोलक बजाते हुए दुकानों में बधाई मांग रहे थे। इसी दौरान दीपका चौक स्थित संजय पान पैलेस के पास किसी टिप्पणी को लेकर वहां मौजूद लोगों से उनकी बहस हो गई।

कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद

शुरुआती कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान केजे सिंह कंपनी में काम करने वाले पंकज सिंह के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।

पिता पर हमला होने की खबर सुनकर पहुंचा बेटा

बताया जा रहा है कि झड़प के दौरान पंकज सिंह पर चाकू और डंडे से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गए। पिता के साथ मारपीट की जानकारी मिलने के बाद उनका बेटा प्रतीक सिंह भी मौके पर पहुंचा। आरोप है कि वहां उसके साथ भी मारपीट की गई।

मारपीट का वीडियो हो रहा वायरल

घटना के दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। इसी पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती नजर आ रही है।

Exit mobile version