कोटा में आकाशीय बिजली का कहर : दो साढ़ू भाइयों की मौत, खेत से लौटने से पहले हुआ हादसा

आकाशीय बिजली

बिलासपुर। कोटा क्षेत्र में बुधवार शाम हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की जान चली गई। हादसा लखोदना गांव के अमली बंधान के पास हुआ। मृतकों की पहचान लखोदना निवासी मन्ना यादव (41) और नवाडीह बेलगहना निवासी कुंजराम यादव (45) के रूप में हुई है। दोनों के आपस में साढ़ू भाई होने की जानकारी सामने आई है।

खेत की ओर गए थे, तभी बदला मौसम

बताया जा रहा है कि दोनों बुधवार शाम अपने खेत की तरफ गए थे। इसी दौरान करीब 5:30 से 6 बजे के बीच अचानक मौसम खराब हुआ और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच इलाके में आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में दोनों आ गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। दोनों को तत्काल कोटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे से परिवारों में पसरा मातम

एक ही परिवार से जुड़े दो लोगों की मौत की खबर से गांव में शोक की स्थिति है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के बीच भी घटना को लेकर गम का माहौल बना हुआ है।

गुरुवार को होगा पोस्टमार्टम

घटना शाम के समय होने के कारण बुधवार देर रात दोनों शवों का पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस ने घटना को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Exit mobile version