कुरुद नगर पंचायत को मिला नगर पालिका का दर्जा, विधायक अजय चंद्राकर के विजन से नए अध्याय की शुरुआत

कुरुद। धमतरी जिले के कुरुद नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा मिल गया है। इस उपलब्धि के पीछे पूर्व मंत्री और विधायक अजय चंद्राकर की दूरदर्शिता और अधक प्रयासों का अहम योगदान है। 13 अगस्त 2025 को शासन द्वारा जारी अधिसूचना में कुरुद नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा प्रदान किया गया। यह क्षण कुरुद के लिए महज प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि जनता के विश्वास, पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर की निष्ठा और छत्तीसगढ़ सरकार की विकास दृष्टि का प्रतीक है। उनकी अगुवाई में कुरुद ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है।

नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने इसे स्वर्णिम युग की शुरुआत बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के मार्गदर्शन से कुरुद अब प्रगति के नए शिखर को छुएगा। वरिष्ठ अधिवक्ता एलपी गोस्वामी ने बताया, कुरुद में नगर प्रशासन की शुरुआत पुराने कानूनों के तहत हुई थी। 1984 में चर्रा, चारमुड़िया, नवाँगाँव और रेलवे स्टेशन क्षेत्रों को शामिल कर नगर पालिका का पुनर्गठन हुआ। नए कानून के तहत 1995 में कुरुद को नगर पंचायत का दर्जा मिला। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने इस नींव को मजबूत कर कुरुद को नगर पालिका के मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

नगर पंचायत में बतौर अध्यक्ष राजकुमारी दीवान कांग्रेस, 1995-2000, निरंजन सिन्हा भाजपा, 2000-2005, निरंजन सिन्हा भाजपा, 2005-2010, ज्योति भानु चंद्राकर भाजपा, 2010-2015, रविकान्त चंद्राकर भाजपा, 2015-2020, तपन चंद्राकर 2020 से 2025 तक रहे।

कुरुद को नगर पालिका का दर्जा मिलना पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के विजन और सामूहिक आकांक्षाओं का परिणाम है। नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, कृषि महाविद्यालय, एलएलबी और पॉलिटेक्निक कॉलेज ने कुरुद को शिक्षा का हब बनाया। 35 राइस मिलें और 500 प्लस दुकानें क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। 2011 में 13,783 से बढ़कर अब 20 हजार प्लस यहां की जनसंख्या हो गई है।

अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम, ऑडिटोरियम और खेल मैदान कुरुद को क्रीड़ा-संस्कृति का संगम बनाते हैं। 16 एकड़ का ऑक्सीजोन, 13 जलाशय और 100 बिस्तरों का प्रस्तावित सिविल अस्पताल, जिनके लिए अजय चंद्राकर ने विशेष प्रयास किए। नगर पालिका बनने के बाद कुरुद के लिए नई योजनाएं तैयार हैं। नया नगर पालिका कार्यालयः 3 एकड़ पर 1.69 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन है। पॉलिटेक्निक, नर्सिंग और एलएलबी कॉलेज के लिए भूमि आवंटित हो चुकी है।

वर्तमान में ज्योति भानु चंद्राकर नपं अध्यक्ष हैं। विधायक प्रतिनिधि भानु चंद्राकर ने कहा कि यह मोदी की गारंटी, विष्णु का सुशासन और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर का विकास रथ है। पूर्व मंत्री और विधायक अजय चंद्राकर इस ऐतिहासिक यात्रा के केंद्र में हैं। उनके मंत्रिमंडलीय अनुभव, प्रशासनिक कुशलता ने कुरुद की आवाज को राजधानी के गलियारों तक पहुंचाया।

Exit mobile version