भिलाई। ऑनलाइन सट्टा एप की भरमार है। लोगों को एक-एक आईडी 2 से 5 लाख रुपए में बेचे जा रहे हैं। इसका खुलासा अभिषेक गौर ने पूछताछ में किया है। कल ही अभिषेक को दुर्ग पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उससे लगातार पूछताछ जारी है। जिसमें कई खुलासे किए है।

अभिषेक ने पुलिस को बताया है कि, उसने दूध व्यापारी से जो पैसे उधार लिए थे, उसे महादेव एप में निवेश कर दिया था। आरोपी अभिषेक केस दर्ज होने के पहले नागपुर के होटल में रह रहा था। एफआईआर दर्ज होने के बाद वह नागपुर के एमबी टाउन इलाके में तीन मंजिला मकान किराए में लेकर रहने लगा था।
यहां वह मंडी व्यापारी बनकर रह रहा था। वह ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एप के जरिए आईडी ऑपरेट कर रहा था। वह रेड्डी अन्ना एप की आईडी भी 2 से 5 लाख रुपए में बेच रहा था।
साइबर सेल और स्मृति नगर पुलिस ने दूध व्यापारी निर्भय यादव की आत्महत्या मामले में उसे खुदकुशी के लिए उकसाने वाले सब्जी व्यापारी अभिषेक गौर को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। वह ऑनलाइन सट्टा किंग से जुड़ा है।
पुलिस ने उसके पास से 20 मोबाइल, 15 बैंक अकाउंट और 20 मोबाइल सिम, 15 बैंक पास बुक, चेक बुक, 15 एटीएम कार्ड और दो लैपटाप जब्त किया है। उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है।
प्राथमिक पूछताछ में मंडी व्यापारी अभिषेक ने बताया कि वह पिछले एक साल से रेड्डी अन्ना एप से जुड़कर ऑनलाइन सट्टा चला रहा था। आरोपी ने मृतक दूध व्यापारी से 15 लाख रुपए उधार लिए थे, जिसे उसने 20 दिन में लौटाने का वादा किया था। लेकिन तीन महीने बाद भी पैसा नहीं लौटाया था।
इस वजह से परेशान होकर दूध व्यापारी ने 1 मार्च की रात अपने घर में फांसी लगा ली थी। पुलिस को दूध व्यापारी के जेब से एक सुसाइड नोट मिला था। उसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी अभिषेक गौर, दलेश्वर देशमुख समेत अन्य के खिलाफ धारा 306 और 34 के तहत केस दर्ज किया था।
अभिषेक के अलावा बाकी आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस लगातार मोबाइल लोकेशन व लैपटॉप के आईपी एड्रेस के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने फर्जी बैंक खाता खुलवाने के एक अन्य मामले में भी बैंक की मैनेजर व अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
इस पूरे मामले में पुलिस लगातार खुलासे कर रही है। अभिषेक से पुलिस को 2 लैपटाप, 20 से ज्यादा मोबाइल सिम, 15 बैंक खाते सहित अन्य सामानों की जब्ती की है। इन सामानों के आधार पर पुलिस ने रिकार्ड भी खंगालना शुरू कर दिया है।
पुलिस इन बैंक खातों के आधार पर ही खातेधारकों के बारे में पतासाजी कर रही है। हालांकि अब तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। सुपेला थाने में दर्ज अपराध में भी अभिषेक का नाम सामने आया है। पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी का नाम जोड़ने की तैयारी में है।
पुलिस ने बुधवार को अभिषेक को कोर्ट में पेश किया। इस दौरान पुलिस ने आरोपी की पुलिस रिमांड चाही। पुलिस का पक्ष सुनने के बाद कोर्ट ने आरोपी की दो दिन की रिमांड पुलिस को दी है। इन दो दिनों में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पुन: उसे 15 अप्रैल को कोर्ट में पेश करेगी।
इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड में भेज दिया जाएगा। पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी गई है। आरोपी ने ऑनलाइन सट्टे से जुड़े कई लोगों के नाम बताएं हैं, तस्दीक की जा रही है।