महासमुंद। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था के बीच अवैध रूप से धान जमा करने वालों पर प्रशासन की निगरानी तेज हो गई है। इसी क्रम में महासमुंद जिले के भलेसर गांव में संयुक्त टीम ने दो गोदामों पर छापा मारकर कुल 975 कट्टा धान जब्त किया है। कार्रवाई राजस्व, मंडी और खाद्य विभाग के अधिकारियों ने मिलकर की।
यह मामला बागबाहरा विकासखंड के कोमाखान तहसील क्षेत्र का है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में अवैध धान संग्रहण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अधिकारियों की टीम ने ग्राम भलेसर में गोदामों की जांच की।
दो गोदामों में मिला बड़ी मात्रा में धान
जांच के दौरान विकास चंद्राकर के गोदाम से 175 कट्टा धान बरामद किया गया। वहीं, धनराज चंद्राकर के गोदाम में 800 कट्टा धान मिला। टीम ने दोनों स्थानों से कुल 975 कट्टा धान जब्त कर लिया।
मंडी विभाग को सौंपा गया जब्त धान
संयुक्त टीम ने जब्त किए गए धान को आगे की कार्रवाई के लिए मंडी विभाग के सुपुर्द कर दिया है। प्रशासन की ओर से अवैध धान संग्रहण और भंडारण पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह की जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

