CG
बालोद | छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। डौंडी थाना क्षेत्र के बंधिया पारा में 10वीं की परीक्षा में असफल होने से क्षुब्ध होकर एक 17 वर्षीय छात्र ने आत्मघाती कदम उठा लिया। छात्र की मौत के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

लगातार असफलता से था तनाव में
मृतक की पहचान राजवीर बघेल (17 वर्ष 6 माह) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राजवीर पिछले दो वर्षों से 10वीं की परीक्षा पास करने का प्रयास कर रहा था, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल पा रही थी। बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष वह 6 विषयों में फेल हुआ था, वहीं इस वर्ष आए नतीजों में भी वह 5 विषयों में सफल नहीं हो सका। लगातार मिल रही असफलता के कारण वह गहरे मानसिक तनाव और दबाव में था।
घर में ही उठाया खौफनाक कदम
परिजनों के अनुसार, रिजल्ट आने के बाद से ही राजवीर काफी परेशान और गुमसुम रहने लगा था। इसी मानसिक दबाव के चलते उसने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद आस-पास के लोग मौके पर एकत्र हुए और डौंडी पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस कर रही है जांच
सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण परीक्षा का तनाव ही नजर आ रहा है, लेकिन मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।