अवैध संबंध में हुए बच्चे का मर्डर: अवैध संबंध में जन्मी थी 7वीं बच्ची… लोकलाज के डर से मां ने पटक कर मार डाला… फिर फेक दिया था गड्ढे में, शव को कुत्तों ने नोचा

बिलासपुर। एक मां ने तीन दिन के अपनी नवजात बच्ची को मार दिया। उस मासूम को इसलिए मार दिया क्योंकि अवैध संबंध के कारण पैदा हुई थी। लोकलाज के भय से महिला ने बच्ची को सिर के बल जमीन पर पटक दिया। मौत होने के बाद लाश को घर के पीछे नाली के पास गड्ढे में फेंक दिया। लेकिन महिला की करतूत को कुत्तों ने जगजाहिर कर दिया। कुत्तों ने नोंचकर शव को दो टुकड़ों में कर दिया। इसके बाद इसे लाकर एक घर के पास फेंक दिया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया है। महिला की पहले से छह बेटियां हैं और सातवीं बेटी उसके प्रेमी से हुई थी। मामला तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीडीह गांव का है।

मामले का खुलासा तब हुआ, जब देवरीडीह में रहने वाली गुड्‌डी विश्वकर्मा ने बुधवार सुबह अपने घर के आंगन में मासूम बच्ची का शव देखा। बच्ची का शव 2 टुकड़ों में मिला था। उसका धड़ सिर से अलग हो गया था। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने आशंका जताई थी कि शव को कुत्तों ने नोचा होगा और शव को आंगन में लाकर फेंक दिया होगा।

पुलिस ने जांच शुरू की और आस-पास के लोगों से पूछताछ की तो पुलिस को पता चला कि गांव की राधिका यादव (46) नाम की महिला गर्भवती थी। इस पर पुलिस ने राधिका को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने बताया कि पिछले 3 साल से उसका किसी व्यक्ति के साथ प्रेम चल रहा है। इससे वह गर्भवती हो गई थी। उसने बताया कि उसने गर्भपात कराने का प्रयास किया। मगर वह सफल नहीं रही।

जब 5 फरवरी को उसकी बच्ची हो गई तो उसने पहले 3 दिन तक अपने पास रखा। फिर बच्ची को 8 से 9 तारीख की दरमियानी रात को जमीन में पटक दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को गड्‌ढे में छिपा दिया था। महिला का कहना है कुत्तों ने बच्ची के शरीर को नोचा होगा। इस कारण उसके 2 टुकड़े हो गए। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी बच्ची के सिर में क्लोटिंग की बात सामने आई थी।

टीआई सुरेन्द्र स्वर्णकार ने बताया कि आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि राधिका जब गर्भवती हुई तो वह आसपास के लोगों से छिपकर रहती थी, जिससे किसी को उसके गर्भवती होने की खबर ना लग सके और जब वह डिलीवरी कराए तो भी इसका पता किसी को भी ना चल सके। इसके बावजूद आस-पास के कुछ लोगों को उसके गर्भवती होने की जानकारी लग गई थी।

इस पूरे केस में हैरानी की बात ये है कि महिला की पहले से 6 लड़कियां हैं। जिसमें से 2 की शादी हो चुकी है। एक 15 साल की है। 3 और लड़कियां हैं, जो 4 से 10 साल के उम्र के बीच की हैं। इनमें से एक लड़की अपनी बड़ी बहन के साथ उसके ससुराल में रहती है।