कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सिर्फ मामूली सी बात पर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। उसने अपनी बीवी को इसलिए मार दिया क्योंकि पत्नी ने उसे पानी देने के लिए मना कर दिया था। इसी बात से नाराज पति ने पत्नी को मारा और इतना ही नहीं मारने के बाद आराम से सो भी गया। अगले दिन युवती की लाश मिली है। मामला तरेगाव जंगल थाना के दुल्लापुर गांव का है।

जानकारी के मुताबिक, पवन धुर्वे(27) और उसकी पत्नी पूजा धुर्वे(24) शाम को ही मध्यप्रदेश से किसी शादी कार्यक्रम से शामिल होकर लौटे थे। वापस लौटने के बाद पूजा रात को खाना खा रही थी। इसी दौरान पवन ने उससे पीने के लिए पानी मांगा था। मगर पूजा ने उसे मना कर दिया था। कहा था कि जाओ खुद पी लो पानी। इस बीत से नाराज होकर पवन ने पूरी वारदात को अंजाम दिया।
सिर पर किए कई वार
बताया गया कि पवन ने पास रखा टंगिया उठाया और पूजा के सिर पर कई वार किए। इसके बाद उसे पीटा भी। बाद में जाकर सो गया। पूजा वहीं पड़ी रही। अगले दिन जब पति सोकर उठा। तब तक पूजा की जान जा चुकी थी। इस बीच आस-पास के लोग भी घर पहुंचे। जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
वहीं पुलिस को भी इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई है। खबर लगते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए भेजा गया था। साथ ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में ही आरोपी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि पूजा मध्यप्रदेश के मंडला जिले की रहने वाली थी।