चूहा मार दवा खाने से नवविवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

सरगुजा। मैनपाट थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान वर्षा यादव के रूप में हुई है, जिसन चूहा मारने की दवा खा ली थी। गंभीर हालत में उसे अंबिकापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक सूरजपुर के वार्ड 13 प्रगतिनगर निवासी वर्षा यादव की शादी 1 मई 2026 को मैनपाट के लुरैना निवासी अजय यादव से हुई थी।

परिजनों के अनुसार 18 सितंबर को दोपहर 12 बजे वर्षा ने अपने पिता उमेश यादव को वॉट्सऐप पर मैसेज भेजकर कहा था कि वह जीना नहीं चाहती। कुछ देर बाद पति अजय ने फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी और उसे मिशन हॉस्पिटल अंबिकापुर में भर्ती कराया। आईसीयू में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाया है। पिता उमेश यादव ने बताया कि 15 सितंबर को भी बेटी ने फोन पर मारपीट की बात कही थी और 19 सितंबर को कहा था कि ससुराल में उसके साथ ठीक व्यवहार नहीं हो रहा है। परिजनों का आरोप है कि वर्षा एमएससी करना चाहती थी और प्रताड़ना के पीछे पैसों के लेन-देन का मामला भी हो सकता है।

सूचना पर पुलिस और नायब तहसीलदार लखेश्वर सिदार मौके पर पहुंचे और परिजनों के बयान दर्ज किए। नायब तहसीलदार ने बताया कि मायके पक्ष ने मारपीट और पैसों के लेन-देन के आरोप लगाए हैं, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।

Exit mobile version