गुड इनिशिएटिव: मुंबई की तर्ज पर अब CG में भी बनेगा ओवरब्रिज के नीचे स्पोर्ट्स जोन… क्रिकेट-बैडमिंटन सहित कई स्पोर्ट्स खेलेंगे बच्चे… एक्सप्रेस-वे के नीचे 15-20 दिनों में बन के होगा तैयार

रायपुर। महानगर मुंबई की तर्ज पर अब राजधानी रायपुर में भी ओवरब्रिज के नीचे खाली पड़ी जमीन का सदुपयोग कर वहां स्पोर्ट्स मैदान बनाए जाएंगे। इसकी शुरुआत पंडरी क्षेत्र में एक्सप्रेस वे ब्रिज से की गई है। यहां ब्रिज के नीचे दो खेल कोर्ट बनाने का काम शुरू भी कर दिया गया है। इसमें एक में बैडमिंटन व वॉलीबॉल और दूसरा बास्केटबॉल कोर्ट बनाया जा रहा है। इस तरह यह छत्तीसगढ़ का पहला खेल कोर्ट होगा, जो ब्रिज के नीचे बनेगा। पंडरी और तेलीबांधा एक्सप्रेस-वे के नीचे किक्रेट, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल खेलने की व्यवस्था होगी। करीब 4000 स्क्वायर फीट में इसका एरिया होगा। रायपुर कमिश्नर अविनाश मिश्रा ने बताया कि अगले 15 से 20 दिनों में यह पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा।

पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड पार्षद और MIC सदस्य आकाश तिवारी ने बताया कि उनके वार्ड में एक भी खेल का मैदान नहीं है। जिसके कारण वार्ड के बच्चों को खेलने के लिए दूसरे मैदान जाना पड़ता है। पंडरी में स्पोर्ट्स जोन बनने के बाद वार्ड के बच्चे और खिलाड़ियों के नई सुविधा मिलेगी।

रायपुर के एक्सप्रेस वे के नीचे अवैध ठेले और गुमटियों का कब्जा हुआ करता था। लेकिन अब उस जगह को रेलिंग से घेरकर वहां स्पोर्ट्स जोन तैयार किया जा रहा है। ब्रिज के नीचे घेरा करके वहां मिट्टी डाली गई है। जल्द ही इस जगह पर सार्वजनिक खेल परिसर तैयार हो जाएगा। कोर्ट तैयार होने के बाद उसका संचालन समिति करेगी।

रायपुर नगर निगम कमिश्नर अविनाश मिश्रा ने बताया कि स्पोर्ट्स जोन पंडरी और तेलीबांधा एक्सप्रेस वे फ्लाई ओवर के नीचे बनाया जाएगा। कोर्ट तैयार होने के बाद दोनों साइड को जमीन से फ्लाई ओवर की ऊंचाई तक कवर जाएगा ताकि खेल के दौरान बॉल या शटल बाहर न जाए।

वहीं पूरा कैंपस कलर फूल होगा और यहां पेंटिंग भी की जाएगी और स्पोर्ट्स जोन में बड़े खिलाड़ियों की भी पेंटिंग तैयार करवाई जाएगी। कमिश्नर ने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इसे दो जगह तैयार किया जा रहा है। इसके बाद जिन स्थानों पर फ्लाई ओवर है वहां भी इसे लागू किया जा सकता है।

रायपुर नगर निगम को यह आईडिया मुंबई में सानपाड़ा फ्लाई ओवर के नीचे बने सार्वजनिक खेल परिसर (स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) से आया है। मुंबई में दिसंबर-2022 में सानपाड़ा के ब्रिज के नीचे इसे तैयार किया था और पब्लिक के लिए उसे मुफ्त में खोला गया।

2745 वर्गमीटर में फैले कॉम्प्लेक्स में क्रिकेट, बैडमिंटन और बास्केटबॉल कोर्ट बनाए गए हैं। जिसकी तारीफ देश भर में की गई और जानी-मानी शख्सियत आनंद महिंद्रा ने भी अपने X हैंडल से इसका वीडियो शेयर किया था।

जुलाई 2023 में मुंबई के सानपाड़ा को देखकर गाजियाबाद नगर निगम ने भी क्रिकेट, बैडमिंटन और बास्केट बॉल कोर्ट तैयार किया था। गाजियाबाद के राजनगर फ्लाई ओवर के नीचे 50 मीटर लंबा और 20 मीटर चौड़ा स्पोर्ट्स जोन बनाया गया था। इसे बनाने में करीब डेढ़ महीना लगा और तकरीबन 55 लाख रुपए का खर्च आया था।

Exit mobile version