जगदलपुर। ज्वेलर्स दुकानों में ग्राहक बनकर पहुंचना और मौका मिलते ही सोने के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर फरार हो जाना महिला गैंग का तरीका था। लेकिन बस्तर पुलिस ने इस गैंग का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। 7 नवंबर को जगदलपुर में हुई लाखों-करोड़ों के सोने के आभूषणों की उठाईगिरी के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 750 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस कार्रवाई में वारदात की मुख्य आरोपी बताई जा रही फूलों कश्यप को भी गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि इस पूरी वारदात को महिला गैंग ने योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया था। गैंग की महिलाएं ज्वेलर्स शॉप में ग्राहक बनकर पहुंचती थीं और दुकानदार का ध्यान भटकाकर सोने के आभूषणों की उठाईगिरी कर लेती थीं।

तीन अन्य संदिग्धों की तलाश जारी
बस्तर पुलिस ने मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन वारदात में शामिल तीन अन्य संदिग्ध आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार तलाश में जुटी हुई हैं।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और आगे की जांच में महिला गैंग के नेटवर्क, अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में भी अहम जानकारी सामने आ सकती है।