पंडरिया: पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास और जनसुविधाओं के विस्तार को गति देने के लिए विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से ₹10 करोड़ 25 लाख 12 हजार के विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों की स्वीकृति मिली है। इन स्वीकृतियों के माध्यम से ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में सड़क, अधोसंरचना, सामुदायिक एवं सांस्कृतिक सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।
मंडी फंड और मुख्यमंत्री समग्र योजना से मिली स्वीकृति
स्वीकृत राशि के तहत छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड, पंडरिया में मंडी निधि अंतर्गत कुल 29 विकास कार्यों हेतु ₹2 करोड़ 84 लाख 55 हजार की स्वीकृति मिली है, जिससे सीसी रोड, सामुदायिक भवन एवं सांस्कृतिक मंच का निर्माण होगा। इसके अलावा, ‘मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना’ के तहत विभिन्न गांवों में 39 कार्यों के लिए ₹1 करोड़ 40 लाख 17 हजार मंजूर किए गए हैं। इससे गांवों में सीसी रोड, सद्भावना भवन, मुरमीकरण और रंगमंच निर्माण जैसे कार्यों को रफ्तार मिलेगी।
नगरीय निकायों को बुनियादी ढांचे के लिए करोड़ों का फंड
नगरीय प्रशासन एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा अधोसंरचना मद के अंतर्गत नगरीय निकायों के लिए भी बड़ी राशि मंजूर की गई है:
- नगर पंचायत पांडातराई: ₹3 करोड़
- नगर पंचायत इंदौरी: ₹2 करोड़
- नगर पालिका पंडरिया: ₹1 करोड़ 4 हजार
हर क्षेत्र तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: भावना बोहरा
इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा, “पंडरिया के गांवों और शहरों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हमारी सरकार की प्राथमिकता है। इन स्वीकृतियों से सड़क, सामुदायिक भवन, सांस्कृतिक मंच और अधोसंरचना के कार्यों को गति मिलेगी, जिससे जनता, व्यापारियों और किसानों को सीधा लाभ होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान और अंतिम छोर पर खड़े नागरिकों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दे रही है। विधायक बोहरा ने इन विकास स्वीकृतियों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और कृषि मंत्री रामविचार नेताम का आभार जताया।
वनांचल और आदिवासी क्षेत्रों में ‘पीएम जनमन’ से बदला परिदृश्य
विधायक बोहरा ने बताया कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में दूरस्थ वनांचल और आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में विकास का नया दौर शुरू हुआ है। ‘प्रधानमंत्री जनमन योजना’ के माध्यम से वनांचल क्षेत्रों में लगभग 200 किलोमीटर पक्की सड़कों का निर्माण हुआ है। इसके साथ ही करीब 3,500 पक्के आवास, दुर्गम इलाकों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, विद्युतीकरण, सिंचाई परियोजनाएं और कुई-कुकदुर में महाविद्यालय की स्थापना जैसे ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।
इसके अतिरिक्त, पंडरिया में हरिनाला पुल, पंडरिया बाईपास, 250 सीटर नालंदा परिसर लाइब्रेरी व ऑडिटोरियम, नवीन नगर पालिका भवन, व्यवहार न्यायालय भवन, मिनी स्टेडियम और पांडातराई व इंदौरी में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है।
