विकसित भारत 2047 के संकल्प में महिलाओं की भागीदारी सर्वोपरि: सावित्री ठाकुर

दुर्ग: भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा दुर्ग जिला भाजपा कार्यालय में ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय बजट 2026-27 में महिलाओं के लिए किए गए विशेष प्रावधानों और उनके सशक्तिकरण पर चर्चा करना था।

बजट 2026 की प्रमुख घोषणाएं
केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने बताया कि इस वर्ष के बजट का लगभग 9.37% (5.01 लाख करोड़ रुपये) महिलाओं के लिए आवंटित किया गया है। उन्होंने बजट की मुख्य योजनाओं पर प्रकाश डाला:

  • SHE Marts: महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए हर जिले में ‘शी मार्ट्स’ (रिटेल आउटलेट) खोले जाएंगे।
  • लखपति दीदी: 2027 तक 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
  • गर्ल्स हॉस्टल: कामकाजी महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए देश के हर जिले में हॉस्टल बनाए जाएंगे।
  • स्वास्थ्य सुरक्षा: 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर के मुफ्त टीकाकरण का राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा।
  • कौशल विकास: महिलाओं को AI, डिजिटल स्किल्स और ग्रीन जॉब्स जैसे भविष्य के क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

दिग्गज नेताओं ने रखा अपना पक्ष
कार्यक्रम में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया यह बजट विकसित भारत की नींव है। उन्होंने विपक्ष के व्यवहार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देश की जनता सब जानती है और भारत की बढ़ती जीडीपी से आज पूरा विश्व प्रभावित है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन और महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने भी बजट को महिला संवेदनाओं का प्रतीक बताया। जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों की महिलाओं को इस बजट का सीधा लाभ मिलेगा, विशेषकर स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष तृप्ति चंद्राकर ने की। इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन, पूर्व मंत्री रमशिला साहू, महापौर अलका बाघमार सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन ममता राव ने और आभार प्रदर्शन तृप्ति चंद्राकर ने किया।

Exit mobile version