रायपुर एयरपोर्ट पर 24 घंटे से यात्री परेशान, आज भी दिल्ली, मुंबई, गोवा समेत 20 उड़ानें रद्द

रायपुर। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट रद्द होने और लेट होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. रायपुर एयरपोर्ट से आज भी दिल्ली, मुंबई, गोवा समेत 20 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं. वहीं, कई यात्री 24 घंटे से फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं.

शुक्रवार को भी क्रू स्टाफ और पायलटों की कमी से इंडिगो की दिल्ली की 5, मुंबई की 3, गोवा, इंदौर, कोलकाता समेत अप-डाउन 20 उड़ानों को रद्द कर दिया गया था. इसके चलते यात्री सुबह 6 से रात तक परेशान हुए और उन्होंने हंगामा किया.

फ्लाइट्स रद्द होने से 7 हजार से ज्यादा यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी. दिल्ली और मुंबई जाने वाले दर्जनों यात्री ऐसे थे, जिन्हें विदेश की फ्लाइट पकड़नी थी. उड़ानों के रद्द होने से एयरपोर्ट पर सुबह से तनाव की स्थिति बनी रही. लोगों की इंडिगो के स्टाफ से बहस होती रही. कई बार तो काउंटर पर धक्का-मुक्की तक की नौबत आई.

रायपुर से हैदराबाद, चेन्नई जाने वाले 100 से ज्यादा यात्री ऐसे थे, जो विमान के इंतजार में 24 घंटे से एयरपोर्ट पर ही रुके हैं. उनमें सें किसी भी यात्री को ई-मेल या एसएमएस से सूचना नहीं मिली. एयरपोर्ट पर रुकने के बावजूद यात्री को न कमरा दिया गया और न ही उन्हें खाना दिया गया. उन्हें चाय, पानी, नाश्ता सब खरीदना पड़ा.

Exit mobile version