पेंड्रा। जिले के हर्री गांगपुर के बैगानटोला नदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम के साथ विवाद का मामला सामने आया है। विभाग का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों और वाहन चालकों ने वन अमले का रास्ता रोककर विवाद किया। इस दौरान गौरेला रेंजर ज्योत्सना पांडे समेत वनकर्मियों से कथित तौर पर अभद्रता और गाली-गलौज की गई।
मिली जानकारी के अनुसार वन विभाग को बैगानटोला नदी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत निकालने और उसका परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान दो ट्रैक्टरों को जब्त किया। विभाग के मुताबिक, इन वाहनों में अवैध रूप से रखे गए 26 नग बांस करील भी मिले।
कार्रवाई के दौरान रास्ता रोकने का आरोप
वन विभाग की टीम जब जब्त किए गए ट्रैक्टरों को आगे की कार्रवाई के लिए ले जा रही थी, तभी कुछ ग्रामीणों और वाहन चालकों ने कथित तौर पर रास्ता रोक दिया। विभाग का आरोप है कि इसी दौरान वनकर्मियों के साथ बहस और अभद्र व्यवहार किया गया। रेंजर सहित अन्य कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज किए जाने की भी बात कही गई है। विभाग ने यह भी आरोप लगाया है कि विवाद के बीच जब्त किए गए दोनों ट्रैक्टरों को कथित तौर पर बलपूर्वक छुड़ाकर ले जाया गया। घटना के बाद वन विभाग ने मामले की सूचना गौरेला थाने में दी है।
शासकीय कार्य में बाधा का आरोप, पुलिस से कार्रवाई की मांग
वन विभाग की ओर से पुलिस को दी गई सूचना में शासकीय कार्य में बाधा डालने, वन कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने और जब्त वाहनों को छुड़ाकर ले जाने के आरोपों पर कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल मामले में पुलिस जांच के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। वन विभाग की कार्रवाई और उसके बाद हुए विवाद को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।
