मंत्रिमंडल विस्तार पर सियासत: अमरजीत भगत ने कहा – वरिष्ठ बीजेपी विधायकों के लिए आयोजित की जाएगी ‘गम मिटाओ पार्टी’

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमरजीत भगत ने वरिष्ठ नेताओं को नज़रअंदाज किए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दिग्गज भाजपा विधायकों के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि ऐसे नेताओं के लिए “ग़म मिटाओ पार्टी” आयोजित की जाएगी। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जन्मदिन पर सभी को आमंत्रित करने की घोषणा भी की।

अमरजीत भगत ने विधायक कॉलोनी स्थित निवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार में कई वरिष्ठ नेताओं को दरकिनार कर दिया गया, जिससे स्वाभाविक रूप से उनके बीच नाराजगी है।

अमरजीत भगत ने कहा, “जहां चार यार मिलते हैं, वहां चर्चा तो होती ही है। हमारे कई पुराने मित्रों को अवसर नहीं दिया गया है, जिससे वे दुखी हैं। हम सब उनके साथ खड़े हैं और उनकी नाराजगी को समझते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि ऐसे सभी दिग्गज नेताओं के लिए कांग्रेस एक “ग़म मिटाओ पार्टी” आयोजित करेगी।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अजय चंद्राकर जैसे नेताओं की उपेक्षा करना सही नहीं है। “जो सीनियर है, वह चुप कैसे रह सकता है? अजय चंद्राकर के साथ गलत हुआ है। हमारी सहानुभूति उनके साथ है। अगर वे आगे बढ़ते हैं, तो हम सब भी उनके साथ हैं।”

भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए भगत ने कहा कि छत्तीसगढ़ में राजनीतिक सुनामी आई हुई है। कई वरिष्ठ नेताओं को महत्व नहीं दिया गया है और यह आने वाले समय में भाजपा के लिए नुकसानदायक साबित होगा। उन्होंने सरगुजा और बस्तर क्षेत्र के संतुलन पर भी सवाल उठाए और कहा कि जो भी इन दोनों क्षेत्रों की उपेक्षा करेगा, उसे भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

Exit mobile version