हेरोइन तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ : 57 लाख की हेरोइन के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार, CA स्टूडेंट भी शामिल, पंजाब से था कनेक्शन

रायपुर। राजधानी में पुलिस और क्राइम ब्रांच ने हेरोइन तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। आरोपियों के कब्जे से 273 ग्राम से ज्यादा हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 57 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में दो युवतियां, एक दंपत्ति और अन्य दो आरोपी शामिल हैं।

कबीर नगर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी हाई प्रोफाइल लोगों तक ड्रग्स पहुंचाते थे। इनका नेटवर्क पंजाब से जुड़ा था।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को 21 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि वेदांत वाटिका के पास एक युवक अपने पास हेरोइन रखकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। खुफिया जानकारी को पुख्ता मानते हुए कबीर नगर थाना और क्राइम ब्रांच की टीम ने तत्काल कार्रवाई की और इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा।

पंजाब से जुड़ा था तस्करी का नेटवर्क
गिरफ्तार युवक की पहचान मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू, निवासी हीरापुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पंजाब के एक बड़े तस्कर से नशीला पदार्थ लाता था और उसे रायपुर में खपाने का काम करता था।

जग्गू ने बताया कि वह हेरोइन को अपने स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर्स विजय मोटवानी और भूषण शर्मा तक पहुंचाता था। ये दोनों आगे अन्य आरोपियों और उपभोक्ताओं तक नशे की सप्लाई करते थे। पुलिस ने छापामारी कर इन सभी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि तस्कर ड्रग्स की डिलीवरी और पेमेंट के लिए वीडियो कॉलिंग और लोकेशन शेयरिंग का इस्तेमाल करते थे। अक्सर हेरोइन को किसी गुप्त स्थान पर रख दिया जाता था और ग्राहक को लोकेशन भेजकर उठा लेने को कहा जाता था।

आरोपियों में CA स्टूडेंट भी शामिल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों में से एक युवती सीए (चार्टर्ड अकाउंटेंसी) की पढ़ाई कर रही है। उसके साथ उसकी एक सहेली भी इस गिरोह में शामिल पाई गई। शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी युवतियां ड्रग्स की सप्लाई चेन में सक्रिय थीं और नशे का नेटवर्क युवाओं तक फैलाने का काम कर रही थीं।

Exit mobile version