CG में बड़ा हादसा : नदी के तेज बहाव में बहे तीन भाई-बहन, तीनों के शव बरामद

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बिलासपुर जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए। हादसे के बाद लगातार चलाए गए सर्च ऑपरेशन में तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

स्कूल से लौटते समय नदी पार करने की कोशिश

मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम समडील निवासी आशुतोष जायसवाल और विजय जायसवाल ने अपनी बेटियों रिद्धी और सिद्धि का दाखिला गांव से करीब दो किलोमीटर दूर नयापारा स्थित डीपी विप्र स्कूल में कराया था। शनिवार को दोनों बहनें स्कूल गई थीं।

स्कूल की छुट्टी के बाद परिवार का बड़ा बेटा अनमोल जायसवाल दोनों बहनों को लेने के लिए साइकिल से स्कूल पहुंचा था। बताया जा रहा है कि घर लौटते समय तीनों ने पुल से जाने के बजाय घोंघा नदी के रास्ते से घर लौटने का फैसला किया।

नदी के बीच पहुंचते ही तेज बहाव के कारण अनमोल साइकिल को संभाल नहीं पाया। देखते ही देखते तीनों भाई-बहन नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू की गई और प्रशासन को भी सूचना दी गई।

बारिश के कारण नदी-नालों का बढ़ा जलस्तर

छत्तीसगढ़ में इन दिनों कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। रायपुर समेत बिलासपुर संभाग में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और कई जगहों पर तेज बहाव की स्थिति बनी हुई है।

अगले 7 दिनों तक बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अगले सात दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। अगले 24 घंटे में उत्तर बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। खासकर तेज बहाव वाले रास्तों से नदी-नालों को पार करने से बचने की सलाह दी जा रही है।

Exit mobile version