भिलाई/रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में भिलाई (सेक्टर-1) की 59 वर्षीय वरिष्ठ एथलीट प्रभा ठाकुर हुसैन को प्रतिष्ठित “शहीद विनोद चौबे सम्मान” से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

घरेलू जिम्मेदारियों के बाद मैदान में दमदार वापसी
बचपन से खेलों से जुड़ीं प्रभा ठाकुर हुसैन ने स्कूल-कॉलेज के दिनों में पंजा कुश्ती और मैराथन में राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराया था। शादी के बाद परिवार में व्यस्त रहने के बाद, बच्चों के सेटल होने पर उन्होंने मैदान में दोबारा कदम रखा। उनके बेटे अफ़रोज़ हुसैन (भिलाई के सोलो स्काईडाइवर) की प्रेरणा से उन्होंने 13,000 फीट की ऊंचाई से दुबई, नीदरलैंड्स और स्पेन में 3 बार स्काईडाइविंग की।
खेलों में प्रमुख उपलब्धियां:
- अंतरराष्ट्रीय मैराथन: नीदरलैंड्स के एम्स्टर्डम, ज़ांदाम और डेन हाग में 4 अंतरराष्ट्रीय मैराथन में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
- राष्ट्रीय चैंपियन: नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स (55+ वर्ग) में लगातार 4 वर्षों से 5000 मीटर दौड़ में पूरे भारत में प्रथम स्थान।
- अन्य पदक: मेदिनीपुर, हैदराबाद और दिल्ली खेलो मास्टर्स गेम्स में 5000 मीटर, लंबी कूद, 1500 मीटर और 800 मीटर में कई स्वर्ण व अन्य पदक जीते।
- पहचान: वे छत्तीसगढ़ी साड़ी पहनकर बुलेट चलाने के लिए भी पूरे प्रदेश में विशेष रूप से जानी जाती हैं।
सम्मान मिलने पर भावुक होकर उन्होंने कहा कि शहीद विनोद चौबे जी के नाम का यह पुरस्कार उनके लिए बेहद गर्व की बात है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की हर महिला को संदेश देते हुए कहा कि उम्र या परिस्थितियों से हार न मानें और खेलों में आगे आएं। इस पूरी यात्रा में उनके पति अख्तर हुसैन, बेटी आफरीन और बेटे अफरोज़ का निरंतर सहयोग रहा।