भिलाई। जामुल के शिवपुरी स्टेडियम में आगामी 29 दिसंबर से 6 जनवरी तक आयोजित होने वाली भव्य श्रीराम कथा की तैयारियां तेज हो गई है। रविवार को स्टेडियम परिसर में इस महाआयोजन का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। भूमिपूजन का सौभाग्य अयोध्या से पधारे अनंत आचार्य महाराज को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस दिव्य आयोजन में अयोध्या के रामानुजाचार्य स्वामी डॉ. राघवाचार्य महाराज के श्रीमुख से भक्तजन भगवान श्रीराम की पावन कथा का रसपान करेंगे। आयोजकों के अनुसार यह जामुल की धरती पर पहली बार होगा जब देशभर से एक हजार से अधिक संत एवं धर्माचार्य एक साथ उपस्थित होंगे। ऐसा अलौकिक दृश्य सामान्यतः केवल महाकुंभ जैसे आयोजनों में ही देखने को मिलता है, जिससे यह श्रीराम कथा ऐतिहासिक स्वरूप ग्रहण कर रही है।

भूमि पूजन कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल, अहिवारा विधायक डोमनलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे तथा समाजसेवी इंद्रजीत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
इस भव्य आयोजन की जिम्मेदारी प्यारे श्री राधा कृष्णा संस्कार मंच द्वारा निभाई जा रही है। आयोजक ईश्वर उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिदिन लगभग 30 हजार श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। 28 दिसंबर को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 11,111 माताएं सहभागिता करेंगी। उस दिन करीब एक लाख श्रद्धालुओं के लिए भोजन व्यवस्था रहेगी, जबकि प्रतिदिन 25 से 30 हजार भक्तों को प्रसादी भोजन कराया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि कुंभ के बाद पहली बार भिलाई–जामुल क्षेत्र में ऐसा दिव्य, विराट और ऐतिहासिक संत समागम देखने को मिलेगा, जो आने वाले समय में धार्मिक इतिहास में अपनी अलग पहचान बनाएगा।