पंडवानी सम्राज्ञी डॉ. तीजन बाई को गरिमापूर्ण विदाई देने की तैयारी: 14 जुलाई को होगा श्रद्धांजलि कार्यक्रम, गनियारी पहुंचे मंत्री गजेंद्र यादव

दुर्ग। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर, पद्म विभूषण से सम्मानित और विश्वविख्यात पंडवानी गायिका दिवंगत डॉ. तीजन बाई के दशगात्र एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम को गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शासन-प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव आज डॉ. तीजन बाई के गृहग्राम गनियारी स्थित उनके निवास पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और ढांढस बंधाया।

14 जुलाई को होगा श्रद्धांजलि कार्यक्रम, जुटेंगे कला जगत के दिग्गज

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि आगामी 14 जुलाई को दिवंगत डॉ. तीजन बाई का दशगात्र एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में उनके प्रशंसक, कला जगत की दिग्गज हस्तियां और आम नागरिक शामिल होंगे। कार्यक्रम सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए मंत्री ने परिजनों से चर्चा कर तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।

बैठक और भोजन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश

प्रशंसकों और अतिथियों की भारी संख्या को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर बैठक, पार्किंग और भोजन व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की गई। शिक्षा मंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि:

“डॉ. तीजन बाई पूरे देश का गौरव थीं। इस दुःख की घड़ी में राज्य सरकार हर संभव सहयोग के लिए उनके परिवार के साथ मुस्तैदी से खड़ी है।”

‘देश की सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति’

परिजनों से मुलाकात के दौरान शिक्षा मंत्री यादव ने कहा कि डॉ. तीजन बाई का जाना केवल किसी एक परिवार की क्षति नहीं है, बल्कि यह पूरे छत्तीसगढ़ और देश की सांस्कृतिक विरासत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपनी अद्वितीय पंडवानी शैली के जरिए छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू और लोककला को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर स्थापित किया। उनका योगदान और व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणापुंज बना रहेगा।

इस अवसर पर भिलाई-चरौदा महापौर निर्मल कोसरे, गनियारी के गणमान्य नागरिक, दुर्ग कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (SP) सहित जिला प्रशासन के तमाम आला अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version