बिलासपुर। सुकमा जिले के पकेला पोटाकेबिन स्कूल में बच्चों के खाने में फिनाइल मिलाने की कोशिश की गई। जानकारी के मुताबिक सोमवार को मिड-डे मील तैयार किया जा रहा था, तभी कर्मचारियों को भोजन में गड़बड़ी की आशंका हुई। जांच करने पर सामने आया कि खाने में फिनाइल जैसी जहरीली वस्तु मिलाने की कोशिश की गई है। इस दौरान स्कूल में करीब 400 बच्चों को भोजन परोसे जाने की तैयारी थी।
कर्मचारियों की सतर्कता के चलते तुरंत खाना बांटने से रोक दिया गया, जिससे एक बड़ी घटना टली। यदि समय पर यह साजिश पकड़ में नहीं आती तो सैकड़ों बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी। इस मामले में हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेकर जिला प्रशासन और राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। कोर्ट ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। सुकमा कलेक्टर ने तत्काल जांच समिति का गठन किया और आरोपी कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू करने के निर्देश दिए। पुलिस ने भी मौके से साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
शिक्षक की भूमिका पाई गई संदिग्ध
21 अगस्त को घटी इस घटना का सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ कि विद्यालय के ही एक शिक्षक की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। बच्चों ने जब भोजन में गंध की शिकायत की तो जांच के दौरान साफ हुआ कि सब्जी में फिनाइल मिलाने की कोशिश जानबूझकर की गई थी। शिक्षक की संलिप्तता को लेकर जांच टीम ने महत्वपूर्ण बयान दर्ज किए हैं।
अभिभावकों और ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। उनका कहना है कि प्रशासन की निगरानी व्यवस्था कमजोर है, तभी ऐसी खतरनाक साजिश स्कूल तक पहुंच सकी। अभिभावकों ने सवाल उठाए कि यदि समय रहते खाना नहीं रोका जाता तो बच्चों की जिंदगी खतरे में पड़ सकती थी।
मामले की गंभीरता से जांच हो : बैज
वहीं इस मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि “इतने बच्चों के साथ खिलवाड़ किसकी साजिश है? जिम्मेदार कौन है?” उन्होंने इस पूरे मामले की गहन जांच की मांग की।

