बालोद और राजनांदगांव में प्रियंका गांधी का बैक टू बैक प्रचार: कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल और बीरेश ठाकुर के लिए बनाया माहौल… कहा- मोदी 400 पार करते ही बदल देंगे संविधान

बालोद, राजनांदगांव। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए छत्तीसगढ़ में भाजपा-कांग्रेस के स्टार प्रचारकों का आना-जाना लगा हुआ है। आज बालोद और राजनांदगांव में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पहुंची। जहां उन्होंने कांकेर लोकसभा प्रत्याशी बीरेश ठाकुर और राजनांदगांव लोकसभा प्रत्याशी भूपेश बघेल के लिए प्रचार करते हुए वोट मांगा। बालोद में ये सभा हथौद मैदान में आयोजित हुआ। वहीं राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के ग्राम मोहर में न्याय संकल्प रैली को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने विशाल जनसभा को संबोधित किया। विशाल संख्या में पधारी लोकसभा क्षेत्र की जनता को प्रियंका गांधी ने ‘न्याय’ की गारंटी के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि अभी शादी का सीजन चल रहा है, भीषण गर्मी भी है, फिर भी इतनी संख्या में आप मुझे सुनने के लिए आए हैं, इसके लिए मैं आपकी आभारी हूं। प्रियंका गांधी ने कहा कि आपने ये प्रदेश अपनी मेहनत के दम पर बनाया है। यहां प्राकृतिक संसाधन प्रचुर मात्रा में हैं, इसके बावजूद यहां बेरोजगारी चरम पर है। आज हम अपने जीवन में संघर्ष कर रहे हैं। पैसे कमाते हैं, लेकिन बचता नहीं है। सबकुछ महंगा हो गया है। घर में कभी कोई जरूरत का वक्त आता है, तब हमें बेबस होना पड़ता है। किसानों की हालत आज ऐसी है कि यहां पर कृषि में भी लाभ नहीं दिखता।

प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारी सरकार बनने पर हम एक गरीब परिवार को 1 लाख रुपए सालाना और 25 लाख रुपए तक का इलाज देने का वादा करते हैं। आशा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए केंद्र अपना हिस्सा बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि आदिवासी भाई-बहन यहां बैठे हुए हैं। हमने सरकार में रहते जल, जंगल, जमीन की रक्षा की। फसलों पर भी जीएसटी लागू है। जब यहां सरकार थी, तो छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान की रक्षा की गई, आदिवासियों की जमीन वापस कराई गई, अब यहां पर सरकार बदल गई है। यहां पर सरकार ने गौठान से संबंधित योजनाएं बंद कर दीं। जिन योजनाओं से रोजगार मिलता था, भूमिहीनों को पैसा मिलता था, वो भी अब बंद हो गया है। यहां महंगाई चरम पर है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि बीजेपी 400 पार की बात कहते हुए संविधान बदलने की बात करते हैं। उन्होंने कहा अगर इन्हें बहुमत मिला, तो ये संविधान बदल देंगे, अधिकारों को छीन लेंगे, क्या ऐसी सरकार चाहिए, जो आपका संविधान ही बदल दे। उन्होंने भाजपा पर चुटकी लेते हुए कहा कि दुनिया भर में सबसे बड़े नेता मोदी जी हैं, तो रोक लें युद्ध को। मोदी जी बड़े नेता हैं, तो 10 साल में बेरोजगारी क्यों नहीं खत्म कर पाए? मोदी अगर बड़े नेता हैं, तो नीयत में कोई समस्या है या फिर वे समस्या सुलझाना ही नहीं चाहते। कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि बहुत कम अंतर से पिछली बार बीरेश ठाकुर हार गए थे, लेकिन इस बार प्रियंका और राहुल गांधी का दौरा रंग लाएगा। कांग्रेस पार्टी ने संकल्प लिया है कि गरीब परिवारों को प्रतिवर्ष एक लाख रुपए देंगे। किसानों के लिए कानून बनाएंगे। उन्होंने कहा इस बार मौका दीजिए हम जनता की सेवा के लिए समर्पित हैं।

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि ये चुनाव देश का चुनाव है और सबसे बड़ी चुनौती संविधान और लोकतंत्र को बचाने की है। 10 साल में देश को मोदी सरकार ने बर्बाद किया। किसान और युवा बर्बाद हुए। माता-बहनें सुरक्षित नहीं हैं, इसलिए कांकेर लोकसभा सीट से लेकर प्रदेश और देश बदलाव मांग रहा है। उन्होंने कहा 4 महीने में छत्तीसगढ़ को भाजपा सरकार ने 16 हजार करोड़ के कर्ज में डाल दिया है। यहां पर हत्या, चोरी, डकैती, बलात्कार जैसे अपराध बढ़े हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि ये आंदोलन की धरती है। ये वो जगह है, जहां राहुल गांधी आए थे। आज उनकी छोटी बहन आई हुई है। उन्होंने कहा कि जबसे यहां भाजपा की सरकार बनी है, तबसे सारी योजनाएं बंद हो गईं। प्रत्याशी बीरेश ठाकुर ने कहा कि यहां पर मैं आशीर्वाद मांगने आया हूं। उन्होंने कहा कि बालोद का मैं भांजा हूं, न्याय के लिए लड़ने आया हूं। हमने लोकसभा के लिए 5 न्याय की गारंटी दी है, उसे अब पूरा करने का समय है। आप मौका देंगे, तब हम दिल्ली में नेतृत्व करेंगे।

संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि यहां पर बीजेपी 400 पार की बात इसलिए कह रही है, क्योंकि नरेंद्र मोदी संविधान बदलना चाहते हैं। उस संविधान को बाबा साहेब अंबेडकर ने बनाया था और नेहरू जी ने लागू किया था। नरेंद्र मोदी ने कहा था कि युवाओं को रोजगार दूंगा, लेकिन नौकरी नहीं दी। मोदी धर्म की राजनीति करते हैं। संगीता सिन्हा ने कहा कि बीजेपी सरकार में अडानी-अंबानी को फायदा पहुंचाया जा रहा है।

Exit mobile version