रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया में दशहरे के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया। नगर पालिका परिषद मैदान में लगे मीना बाजार में आकाश झूले से गिरने के बाद 39 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पठानपारा निवासी नकुल निषाद के रूप में हुई है। घटना खरसिया थाना क्षेत्र की है।
झूले से अचानक नीचे गिरा युवक
जानकारी के अनुसार, दशहरे के मौके पर नकुल निषाद मीना बाजार घूमने पहुंचा था। शाम के समय वह आकाश झूले में बैठा हुआ था। इसी दौरान वह अचानक झूले से नीचे आ गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। हादसे के बाद मीना बाजार में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को संभालने की कोशिश की और उसे अस्पताल पहुंचाने की तैयारी की गई, लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही खरसिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
शराब के नशे में होने की चर्चा, पुष्टि बाकी
घटना को लेकर यह बात सामने आ रही है कि युवक संभवतः शराब के नशे में था। इसी वजह से झूले पर उसका संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
